जेडी मेमोरियल अस्पताल के संचालक एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. एनके सिन्हा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि गुरुवार की रात में उनके मोबाइल फोन पर एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह सुधांशु सिंह बोल रहा है। उसने कहा कि अगर सुरक्षित रहना चाहते हो तो दस लाख रुपये का इंतजाम बहुत जल्द कर दो।
रुपये नहीं देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की भी बात कही गई। चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सुधांशु सिंह निवासी दमोदरा थाना रामपुर के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी के बारे में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।