पिछले कई दिनों से गर्मी झेल रहे लोगों को बुधवार तेज हवा संग बारिश से राहत मिली। करीब आधे घंटे तक शहरी और ग्रामीण इलाकों में कुछ जगहों पर तेज बारिश हुई जबकि कुछ जगहों पर केवल बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। दो से तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रह सकता है।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे पहले तेज हवा चली। फिर देखते ही देखते काले बादल घिर आए और बारिश शुरू हो गई। हालांकि, दोपहर में धूप जरूर निकली, लेकिन बादलों की सक्रियता से उसका बहुत कम असर रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि एक जून से सितंबर तक मानसून का समय माना जाता है। ऐसे में बुधवार को हुई बारिश को प्री मानसून की दस्तक माना जा सकता है। बताया कि भारत के मैदानी भागों में मानसून की द्रोणिका बननी शुरू हो गई है। इस बार 20 जून तक मानसून के वाराणसी में दस्तक देने की संभावना है। इस बार अच्छी बारिश भी देखने को मिल सकती है।