सारनाथ थाना के पुरानापुल चौकी प्रभारी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए युवती ने शुक्रवार की शाम विषाक्त पदार्थ खा लिया। पुरानापुल चौकी पहुंची युवती की हालत बिगड़ने पर अचेतावस्था में उसे दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत अब सामान्य है।
वहीं, वरुणा जोन के उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दनियालपुर की रहने वाली युवती की मां का आरोप है कि सारनाथ थाना अंतर्गत चौकी इंचार्ज पुराने परिचित हैं। इस दौरान शादी का झांसा देकर मुकर गए। बेटी से मोबाइल पर अक्सर बातचीत होती थी। पिछले कुछ दिनों से चौकी इंचार्ज ने फोन उठाना बंद कर दिया।
बेटी ने जब शादी का दबाव बनाया तो चौकी इंचार्ज ने पुलिसिया धमकी देनी शुरू दी। थाने और वरुणा जोन में शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी से आहत होकर बेटी ने विषाक्त पदार्थ खाया। उधर, इस घटना के बाद से वरुणा जोन के पुलिस उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी।