वाराणसी। स्कूल के नाम से दर्ज बस चौबेपुर की सवारियां ढोती मिली। मंगलवार को 19 डग्गामार बसों के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई की गई। बुधवार को कई रूटों पर अभियान चलाया जाएगा।
एडीसीपी ट्रैफिक दिनेश पुरी मंगलवार को गोलगड्डा तिराहे पर जांच के लिए पहुंचे तो वहां एक बस ख़ड़ी थी। बस के कागजात की ऑनलाइन जांच के बाद उन्होंने परिवहन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र को मौके पर बुलाया। जांच में पता लगा कि यह बस एक स्कूल के नाम पर दर्ज है। बस चालक चौबेपुर की सवारी बिठाए था। इस बस का परमिट, फिटनेस और बीमा भी नहीं था। इसके साथ ही 19 बसें सीज की र्गइं। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में 20 ऑटो व ई रिक्शा भी अवैध संचालन में सीज किए गए। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन यूबी सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर एक सप्ताह तक अभियान और चलाया जाएगा। इससे पहले सोमवार को भी आठ बसें सीज की गई थीं और 12 बसों का चालान किया गया।