जिले के बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में अब छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष जोर होगा। स्कूलों का पठनपाठन प्रभावित न हो, इसके लिए जिले में 25 डाटा एंट्री ऑपरेटर रखे जाएंगे। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी, वहीं शिक्षकों को भी डाटा फीडिंग से आजादी मिलेगी। डाटा एंट्री ऑपरेटर बच्चों के आधार के सत्यापन के साथ ही ऑपरेशन कायाकल्प आदि की सूचनाएं यू-डायस व प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करेंगे।
परिषद के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के तहत छात्र-छात्राओं का तेजी से नामांकन हुआ है, यह कार्य अब भी जारी है। मई में छात्र-छात्राओं को स्कूलों में प्रवेश दिलाया जा रहा है। विभाग की ओर से नए शैक्षिक सत्र में निर्देश है कि हर छात्र-छात्रा का पंजीकरण प्रेरणा पोर्टल व यू-डायस पर किया जाए, तभी नामांकन माना जाएगा। साथ ही बच्चों के आधार का सत्यापन किया जाए यदि किसी बच्चे के पास आधार नहीं है तो तत्काल बनाकर उसे पोर्टल पर अपलोड किया जाए। बीएसए राकेश सिंह ने बताया कि पोर्टल पर अपलोड करने का कार्य शिक्षक कर रहे थे, इसमें काफी दिक्कतें आ रही थीं। महानिदेशक के आदेश पर डाटा एंट्री ऑपरेटरों से इस कार्य को कराया जाएगा। शिक्षकों को अब केवल बच्चों को पढ़ाई करानी होगी।