कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता के लिए महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान, इंडियन कैंसर सोसायटी की ओर से सोमवार को 116 लोगों की जांच में 22 लोगों में कैंसर के संदिग्ध लक्षण मिले हैं। इसके बाद सभी को जांच के लिए कैंसर संस्थान में जांच के लिए रेफर किया गया है। महामना कैंसर संस्थान की ओर से चोलापुर ब्लॉक में एक साल तक अभियान चलाकर अब 20 हजार लोगों की नि:शुल्क कैंसर जांच की जाएगी।
भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से सीएचसी चोलापुर में लगे शिविर में लोगों की जांच कर उन्हें सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। सीएमओ डा. वीबी सिंह ने बताया कि पॉपुलेशन बेस्ड कैंसर रजिस्ट्री की रिपोर्ट के अनुसार, वाराणसी में महिलाओं में स्तन, गर्भाशय ग्रीवा के मुख का कैंसर प्रमुख है। ऐसे में इस जांच अभियान के तहत शुरुआती स्तर पर इन कैंसर की पहचान करने में मदद मिलेगी। जिससे मरीज का जल्दी इलाज शुरू हो सकेगा। कैंसर संस्थान में प्रीवेंटिव ऑंकोलॉजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिव्या खन्ना ने बताया कि साल भर तक चलने वाले अभियान में महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा के मुख के कैंसर, स्तन कैंसर और पुरुषों में मुख के कैंसर के शुरुआती लक्षणों की जांच की जाएगी।
हर तीन में एक व्यक्ति में मुंह का कैंसर
कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. सत्यजीत प्रधान ने कहा कि किसी भी बीमारी की पहचान जितनी जल्दी हो जाए उतना ही बेहतर इलाज में असर देखने को मिलता है। अस्पताल द्वारा जारी पॉपुलेशन बेस्ड कैंसर रजिस्ट्री की रिपोर्ट (2017) के अनुसार, वाराणसी में पुरुषों में होने वाला हर तीन में से एक व्यक्ति मुंह के कैंसर से ग्रसित हैं। महिलाओं में स्तन और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के मामले सबसे अधिक देखने को मिले।