मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि हुई है, जबकि अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है।
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू-भौतिकी विभाग, बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह और तकनीकी अधिकारी शिव मंगल सिंह ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद वर्षा के आसार नहीं हैं और लगातार तापमान बढ़ने से क्षेत्र में गर्म एवं शुष्क मौसम बना रहेगा।
विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले दिनों में लू चलने की स्थिति बन सकती है। साथ ही गर्म हवाओं की रफ्तार सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए आमजन और किसानों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी चेतावनी दी है कि अत्यधिक तापमान और गर्म हवाओं के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर, सिरदर्द और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।