आईएमएस बीएचयू के यूरोलॉजी विभाग में एक युवक की थुलियम फाइबर लेजर विधि से मूत्राशय के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.ललित कुमार अग्रवाल का दावा है कि पूर्वांचल में पहली बार इस विधि से सर्जरी की गई है। बिना चीरा लगाए होने वाली इस सर्जरी के बाद मरीज अगले दिन ही घर भी जा सकता है।
यूरोलॉजी विभाग के डॉ. ललित कुमार अग्रवाल ने बताया कि वाराणसी जिले के ग्राम गांसा निवासी 38 वर्षीय युवक कुछ दिन पहले अस्पताल की ओपीडी में पेशाब में खून निकलने की समस्या लेकर आया। मरीज की जांच के बाद सर्जरी की सलाह दी गई। थुलियम फाइबर लेजर विधि से मूत्राशय के ट्यूमर को पूरी तरह से पेशाब के रास्ते निकाला गया, जिसे थूलेइबट कहते हैं।
थुलियम फाइबर लेजर विधि में रक्त स्त्राव बेहद कम
बताया कि सामान्य ऑपरेशन में ट्यूमर को टुकड़ों में काटकर पेशाब के रास्ते निकाला जाता है, लेकिन थूलेइबट विधि से ट्यूमर को एक ही टुकड़े में पूरी तरह से निकाला जाता है। इस विधि में रक्त स्त्राव कम होने के साथ-साथ एवं मूत्राशय फटने की संभावना भी कम होती है।