इस दौरान वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक केके तिवारी सहित कार्यशाला के अधिकारियों से बसों की रखरखाव और अन्य यात्री सुविधाओं के बाबत निर्देश दिए।
ट्रेनों की तर्ज पर जान सकेंगे रोडवेज बसों का रनिंग स्टेटस
अधिकारियों से बातचीत में परिवहन मंत्री ने कहा कि वह दिन दूरी नहीं जब ट्रेनों की तर्ज पर यात्री घर बैठे बसों का रनिंग स्टेटस जान सकेंगे। इसके लिए रोडवेज बसों में जीपीएस लगाने का काम जल्द ही शुरू होगा। इसके लिए एक एजेंसी से बातचीत चल रही है। बनारस सहित पूर्वांचल के साथ ही पूर्वी यूपी के यात्रियों के लिए घंटे-घंटे पर लंबी दूरी की एसी और साधारण बसें भी उपलब्ध होंगी।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि परिवहन विभाग पहले और बेहतर हो रहा है। यात्रियों को कम पैसे में ज्यादा दूरी तक की सुलभ यात्रा कराई जा रही है। कायाकल्प योजना के तहत बस की सीटें, खिड़की, दरवाजे और साफ-सफाई दुरुस्त कराया जा रहा है।
डिपो में पेयजल, छांव और साफ-सफाई का जायजा लेकर उसे दुरुस्त कराया जा रहा है। रोडवेज की बसों में ट्रेनों की तर्ज पर ऑनलाइन फूड और अन्य सुविधाएं मुहैया कराए जाएंगे। कई ढाबों को रोडवेज से अनुबंधित किया जा रहा है। यात्रियों से अच्छे व्यवहार के लिए चालकों और परिचालकों को विशेष दिशा निर्देश दिया गया है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों संग बैैठक की। इस दौरान उन्होंने आरएम केके तिवारी को बलिया रूट के लिए जल्द ही बस चलाने का निर्देश दिया। आरएम की ओर से आश्वस्त किया गया कि जल्द ही प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेजा जाएगा। हरी झंडी मिलते ही बलिया के लिए बसें दौड़ने लगेंगी।