Varanasi News: वाराणसी समेत सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही जिले के करीब 350 से अधिक कॉलेजों में करीब 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। ये सभी विद्यार्थी कॉलेजों में ही फीस जमा करके डिग्रियां ले सकेंगे।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध वाराणसी समेत पांच जिलों के विद्यार्थियों की डिग्रियां तैयार हो गई हैं। सत्र 2024-25 के स्नातक, परास्नातक परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को अपनी डिग्री लेने विवि नहीं आना पड़ेगा। उनको अपने उपाधि की निर्धारित फीस 200 रुपये संबंधित कॉलेज में जमा करनी होगी। यहीं से उनको डिग्रियां मिल जाएंगी।
विज्ञापन
काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 में वाराणसी के साथ ही सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही जिले के करीब 350 से अधिक कॉलेजों में स्नातक, स्नातकोत्तर के करीब 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद इस सत्र के छात्रों ने अपनी मार्कशीट तो ले ली थी लेकिन अब तक उनको डिग्री नहीं मिल पाई थी।
अब विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग की ओर से इस सत्र वाले विद्यार्थियों की डिग्रियां तैयार कराई जा चुकी है। पहले पांचों जिलों के कॉलेजों के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय आकर डिग्री लेनी पड़ती थी। इस बार सभी विद्यार्थियों को संबंधित कॉलेज में ही डिग्रियां मिल जाएंगी।
सत्र 2024-25 में विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों के विद्यार्थियों की डिग्रियां तैयार हो गई हैं। संबंधित विद्यार्थी 200 रुपये की फीस कॉलेज में जमा कर अपनी डिग्री को वहीं से ले सकते हैं। उनको विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। -दीप्ति मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक