मुठभेड़ में गोली लगने से घायल दो आरोपी
- फोटो : पुलिस
पुलिस ने छह दिन पहले जनसेवा संचालक से लूटपाट कर भागे तीन बदमाशों को 25 मार्च रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इनमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम में से 49,500 रुपये बरामद किए हैं।
यह मुठभेड़ 25 मार्च की रात कासगंज रोड के गांव नौरथा इसेपुर रोड के पास हुई। गिरफ्तार बदमाशों में यश निवासी कोटवालपुर लोनी गाजियाबाद, विशाल निवासी कासगंज, विक्की निवासी लोनी गाजियाबाद है। इनमें यश और विशाल के पैर में गोली लगी है। सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि यश के पास से 19,500, विशाल के पास से 16000 और विक्की के पास से 14000 रुपये व तमंचे बरामद हुए हैं।
सीओ के अनुसार शुक्रवार की रात्रि कासगंज रोड पर पुलिस चौकी अगसोली से आगे कोतवाली के गांव टटी डांडिया निवासी एक जन सेवा संचालक को स्कार्पियो सवार बदमाशों ने बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया और उससे नकदी से भरा बैग लूट लिया था।
बैग में करीब ढाई लाख रुपये थे। वह घटना के समय मोहनपुर कासगंज से दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। घटना के बाद खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी को लगाया गया था। पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाशों को सीएचसी में उपचार के बाद थाने लाया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।