बाबा रामदेव का विवादों से नाता खत्म होने के नाम नहीं ले रहा है। ज्योतिष पर बयान देने के बाद काशी के संत समाज व व्यास संघ में आक्रोश है। अखिल भारतीय व्यास संघ और संत समाज की ओर से बाबा रामदेव को हद में रहने की चेतावनी दी गई है।
अखिल भारतीय व्यास संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत बालक दास ने कहा कि बाबा रामदेव को जिस विधा का ज्ञान नहीं है उस पर किसी भी तरह की टीका-टिप्पणी उचित नहीं है। वह जो जानते हैं उस पर ही बात करें। उन्होंने वेद के अंग ज्योतिष और ज्योतिषीय समाज पर जिस तरह की टिप्पणी की है वह निंदनीय है।
अखिल भारतीय व्यास संघ बाबा रामदेव का जोरदार विरोध व उनके बयान की कड़ी निंदा करता है। बाबा रामदेव के बयान से सनातन धर्मियों की आस्था को चोट पहुंची है और यह सनातन समाज के लिए भी ठीक नहीं है। आपसी विवाद का फायदा दूसरे लोग उठाएंगे। इसलिए हमारी अपील है कि वह विवाद का पटाक्षेप करें।