गंगा की लहरों से काशी के घाटों को नुकसान से बचाने के लिए की जा रही ड्रेजिंग के काम का बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने खोदाई से निकले बालू को हटाने और समय से काम पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान वह बालू के टीले पर चढ़कर खुदाई स्थल तक गए और ड्रेजिंग के काम की प्रगति भी समझी। विशेषज्ञों की जांच के बाद शासन को रिपोर्ट दी गई थी कि गंगा के बहाव को वास्तव प्रवाह में लाया जाए। इसके लिए पूर्वी तट पर जमा बालू को हटाया जाए और नदी में ड्रेजिंग कर चैनल भी बनाया जाए। सिंचाई विभाग की ओर से नामित राम इंटरप्राइजेज एजेंसी की चार पोकलैंड मशीन बालू हटा रही है। गंगा में करीब 120 फीट चौड़ा और 25 फीट गहरा पांच किलोमीटर लंबा चैनल बनाया जा रहा है। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि मानसून से पहले ड्रेजिंग से निकले बालू को हटाने को कहा है। तीन दिन का समय दिया गया है।