Sports News: सिगरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार के बाद दो साल से खेल उपकरण नहीं मिले। ऐसे में खिलाड़ियों को बिना भाले के अभ्यास करना पड़ रहा है। 'हर्डल' न होना ही खिलाड़ियों के अभ्यास में बाधा बन रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ियों को दो साल से बिना खेल उपकरणों के अभ्यास करना पड़ रहा है। यहां भाला फेंक के खिलाड़ी बिना भाले के अभ्यास कर रहे हैं। इसके अलावा हर्डल रेस का अभ्यास करने के लिए छह हर्डल होने चाहिए जबकि स्टेडियम में एक ही हर्डल लगाया गया है। इससे अभ्यास में समस्या हो रही है। खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार नहीं हो पा रहे हैं।
विज्ञापन
स्टेडियम के जीर्णोद्धार के बाद उपकरण देने की जिम्मेदारी स्मार्ट सिटी की थी। इसके बाद भी दो साल से खिलाड़ी उपकरणों के इंतजार में बैठे हैं। उपकरणों की समस्या के लिए खेल विभाग ने कई बार संबंधित विभाग को रिमाइंडर भेजा लेकिन दो साल बाद भी उपकरण नहीं आए।
विज्ञापन
स्टेडियम के खिलाड़ियों ने बताया कि यहां हाई जंप का गड्ढा, शॉटपुट हैंमर एरिना तो बना है लेकिन उसका केज ही नहीं है। इससे खिलाड़ियों के घायल होने की संभावना रहती है। सिगरा में फुटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, जूडो, कुश्ती, कबड्डी, स्वीमिंग और जिमनास्टिक्स का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा उपकरण न होने से कई खिलाड़ियों को दूसरे मैदानों का रुख करना पड़ता है।
स्मार्ट सिटी ने खेल विभाग को सभी उपकरण मुहैया करा दिए हैं। अब इसकी जिम्मेदारी खेल विभाग की है कि वे खिलाड़ियों को उपकरण उपलब्ध कराकर प्रशिक्षण दे या नहीं। अब स्मार्ट सिटी की ओर से कोई उपकरण नहीं दिए जाएंगे। -शाकंभरी नंदन संथोलिया, स्मार्ट सिटी जनसंपर्क अधिकारी
अधिकारी बोले
सिगरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार के समय बने प्रस्ताव में स्मार्ट सिटी की ओर से खेल उपकरण देने की बात हुई थी लेकिन अब तक विभाग को उपकरण नहीं मिले। उपकरण न होने से सीनियर वर्ग के खिलाड़ी यहां अभ्यास नहीं कर पाते। इसका असर उनकी तैयारी और प्रदर्शन पर पड़ता है। -नवीन सिंह, जिला क्रीड़ाधिकारी
कुश्ती ट्रायल के दौरान एक दूसरे को पटकनी देते खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
सिगरा एनसीओई की 36 सीटों के लिए 160 खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल
साई की सिगरा स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी (एनसीओई) में प्रवेश के लिए बृहस्पतिवार को दूसरे दिन ट्रायल हुआ। 36 सीटों के लिए देश के 160 खिलाड़ियों का ट्रायल शाम तक पूरा हो गया। पहले दिन महिला पुरुष वर्ग में 141 खिलाड़ियों का ट्रायल शुरू हुआ। सबसे पहले कुश्ती खिलाड़ियों एंथ्रोपोमेट्रिक टेस्ट के बाद दूसरे दिन आउटडोर चयन ट्रायल सत्र हुआ। इसके बाद दूसरे सत्र में कुश्ती कौशल का परीक्षण हुआ। शुक्रवार को चयन ट्रायल का अंतिम दिन है। एनसीओई प्रभारी सुभांशु द्विवेदी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं में प्रशिक्षण के लिए पात्रता ट्रायल अंडर-15, 17, 20 और अंडर-23 आयुवर्ग में किया जा रहा है।
चयन ट्रायल भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू, द्रोणाचार्य अवॉर्डी महासिंह राव और महावीर प्रसाद, लखनऊ एनसीओई के साहिल शर्मा, वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू, एनसीआई सिगरा के अशोक यादव, मानसी, विशाल और बेबी सिंह, भीम की देखरेख में संपन्न हुआ।
22 से 24 जुलाई तक एनसीओई में हो रहे तलवारबाजी की 25 सीटों के लिए ट्रायल
एनसीओई सिगरा में चयन ट्रायल के दूसरे चरण में तलवारबाजी के 25 सीटों के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सिगरा स्टेडियम में होगा। शुभांशु द्विवेदी ने बताया कि तलवारबाजी के महिला और पुरुष वर्ग का ट्रायल 22 से 24 जुलाई तक होगा। इसमें शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड जो उनके मोबाइल से लिंक हो लेकर आना होगा। इसके अलावा खेल और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति के साथ पासपोर्ट फोटो जमा करानी होगी। इसमें 13 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के खिलाड़ियों का चयन होगा।
फ्री-स्टाइल कुश्ती टीम के फिजियो बने डॉ. रोहित
हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में चौथी रैंकिंग कुश्ती सीरीज खेली जा रही है। इस प्रतियोगिता में खेल रही भारतीय कुश्ती टीम का फिजियो वाराणसी के डॉ. रोहित सिंह को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि वे फ्री स्टाइल कुश्ती टीम के फिजियो नियुक्त हुए हैं। प्रतियोगिता 15 से 19 जुलाई तक खेली जाएगी। उनके मनोनयन पर वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू, अशोक कुमाार, संजय बाबा ने बधाई दी।
ग्रामोत्सव का 18वां संस्करण यूपी में भी, 25-26 जुलाई को काशी में होंगे मुकाबले
ईशा फाउंडेशन की ओर से आउटरीच कार्यक्रम के तहत वार्षिक ग्रामीण खेल उत्सव ग्रामोत्सव का 18वां संस्करण अब अपना विस्तार उत्तर भारत में भी कर रहा है। दक्षिण भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाला यह खेल टूर्नामेंट पहली बार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 25-26 जुलाई को वाराणसी, लखनऊ, मुजफ्फरनगर और मेरठ में क्लस्टर स्तर के मुकाबले होंगे। हर जिलों में 30 टीमों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। वाराणसी में मुकाबले रामनगर स्थित टेंगरा मोड़ वॉलीबॉल मैदान में आयोजित होंगे। इसमें 17 टीमों में अपना पंजीकरण करा लिया है। लगभग 30 टीमों के भाग लेने की संभावना है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जुलाई है।
ग्रामोत्सव के राष्ट्रीय समन्वयक स्वामी पुलका ने बताया कि क्लस्टर स्तर के मुकाबले के विजेता एक और दो अगस्त को गौतम बुद्ध नगर में मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। फाइनल 6 सितंबर को कोयंबटूर स्थित ईशा योग सेंटर में सद्गुरु की मौजूदगी में होगा। इस ग्रामोत्सव में वॉलीबॉल और हैंडबॉल के अलावा गांव के पारंपरिक खेल जैसे खो-खो, कबड्डी, रस्सीकशी, आइसपाइस आदि के मुकाबले होंगे।
राष्ट्रीय समन्वयक के मुताबिक ईशा फाउंडेशन की ओर से 2004 में तमिलनाडु से इस खेल ग्रामोत्सव की शुरुआत की गई थी। इस बार इस महोत्सव में 40,000 से ज्यादा गांवों से सात हजार टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें 80,000 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें लगभग 15 हजार महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। फाइनल के विजेताओं को पांच लाख और उपविजेताओं को तीन लाख रुपये दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में हॉकी खेलते खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
मिडफील्डर-फॉर्वर्ड खिलाड़ी के दो-दो गोल से यूपी पुलिस की जीत
लालपुर स्टेडियम में बृहस्पतिवार को ओलंपियन विवेक सिंह स्मृति प्रादेशिक हॉकी में दो मुकाबले खेले गए। इसमें एक मैच ड्रॉ हो गया जबकि दूसरे मैच में यूपी पुलिस ने कैंटोनमेंट सेंटर हॉकी टीम को 4-3 से हरा दिया। यूपी पुलिस के दोनों फॉरवर्ड और मिडफील्डर ने दो-दो गोल कर टीम को जीत दिलाई।
दिन का दूसरा मैच शाम 5 बजे से यूपी पुलिस और कैंटोनमेंट सेंटर हॉकी टीम (सीसीएचटी) के बीच खेला गया। मैच में यूपी पुलिस के फॉर्वर्ड खिलाड़ी मो. हारिश ने खेल के 10वें मिनट में मैदानी गोल कर स्कोर 1-0 किया। इसके बाद 27वें मिनट में उन्होंने दूसरा किया। पहला हाफ समाप्त होने तक यूपी टीम 2-0 से आगे थी।
दूसरे हाफ का पहला गोल सीसीएचटी ने खेल के 21वें मिनट में गुरुविंदर व 43वें मिनट में अनुप टोकनो ने एक गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। यूपी पुलिस के अरुण साहनी ने 45वें मिनट में मिनट में गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया। एसएसटी कैंटोनमेंट के विनय ने गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। अंत में गोल अरुण ने 4-3 से यूपी पुलिस को जीत दिलाई।
बीएचयू हॉकी क्लब और विवेक एकेडमी के 2-2 स्कोर
प्रतियोगिता का पहला मैच बीएचयू हॉकी क्लब और विवेक हॉकी एकेडमी के बीच खेला गया। यह मुकाबला 2-2 से ड्रॉ हो गया। मैच का पहला गोल विवेक हॉकी एकेडमी के सुशील ने छठे मिनट में और दूसरा गोल 40वें मिनट में गुरुदत्त गुप्ता ने किया। बीएचयू के सूरज और विवेक पाल ने गोल किए।