10 खेलों में 400 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
डीएवी पीजी कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति खेल मैदान में शुक्रवार को काशी सांसद खेलकूद के तहत (कोतवाली जोन) के चौथे सत्र की स्पर्धा हुई। एथलेटिक्स की दस स्पर्धाओं में 400 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतिभागियों ने एथलेटिक्स की 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ के अलावा कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी, बैडमिंटन, चिन-अप और पुश-अप की प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
मुख्य अतिथि और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर खेलों का शुभारंभ किया। स्वागत और संचालन क्रमशः महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल और प्रो. मीनू लाकड़ा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया। इस मौके पर सहायक नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण, कर अधीक्षक दिलशाद हिदायत, हरिबंश सिंह, डॉ. पारुल जैन और डॉ. शांतनु सौरभ भी उपस्थित रहे। उधर, यूपी कॉलेज और वनिता पब्लिक स्कूल, लहुराबीर में जोनल प्रतियोगिता हुई।