3 किलोमीटर चलाई साइकिल, किया जागरूक
हॉकी वाराणसी की ओर से रविवार सुबह संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने लालपुर स्टेडियम से परमानंदपुर तक तीन किमी साइकिल चलाई। इस दौरान उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता एवं खेल भावना को बढ़ावा देना था। यह आयोजन कॉमनवेल्थ गेम्स थीम एवं फिट इंडिया अभियान से प्रेरित रहा। कार्यक्रम में 60 से ज्यादा हैंडबॉल, टेबल टेनिस, जूडो, रग्बी और हॉकी के खिलाड़ियों ने भाग लिया। लोगों से हर रोज एक घंटे साइकिल चलाने या व्यायाम करने का संदेश देते हुए फिट इंडिया अभियान का समर्थन किया। कार्यक्रम के संयोजक हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह और सचिव केबी रावत रहे।
रवि शंकर ने पास की मुक्केबाजी की रेफरी परीक्षा
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग संघ (यूपीबीए) की ओर से हापुड़ में हुई एक स्टार रेफरी और जज परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसमें शामिल वाराणसी के रवि शंकर गर्ग ने परीक्षा पास कर ली है। रवि ने इस उपलब्धि पर यूपी मुक्केबाजी संघ के महासचिव प्रमोद कुमार, चेयरमैन अतुल सिद्धार्थ और तकनीकी डायरेक्टर रॉबिन को धन्यवाद दिया।
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में हाई मास्ट लगने से दूधिया रोशनी में हो सकेंगे मुकाबले
उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर की पहल पर परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में हाई मास्ट लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है। इससे यहां अभ्यास करने वाले नौ खेलों के 800 से ज्यादा खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा। वे दूधिया रोशनी में कड़ी मेहनत कर संघ और स्कूली खेलों में भी हिस्सा ले सकेंगे।
लाइट लगने के बाद जल्द ही यहां हॉकी, हैंडबॉल और रग्बी के मैच खेले जाएंगे। किस-किस स्थान पर पोल लगने हैं, इसकी नाप जोख हो गई है। पोल की ऊंचाई 12 से 14 मीटर के बीच होगी। मई के अंत तक कार्य पूरा हो जाएगा। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ एके सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में खिलाड़ी दिन में न तो मैच खेल पा रहे थे न तो अभ्यास कर पा रहे थे। अब फ्लड लाइट लग जाने से खिलाड़ियों की इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि परमानंदपुर मिनी स्टेडियम अब धीरे-धीरे स्पोर्ट्स विलेज का आकार लेता जा रहा है। इस मिनी स्टेडियम की तीन बालिकाएं अबतक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बन चुकी हैं। इनमें नैना यादव, कोमल राजभर और सुमन यादव शामिल हैं। इसके अलावा हॉकी, रग्बी और हैंडबॉल में 60 से ज्यादा बालक-बालिका राष्ट्रीय स्तर पर बनारस का नाम रोशन कर रहे हैं। जल्द ही यहां खोखो, कबड्डी का प्रशिक्षण शिविर भी लगेगा।
ताइक्वांडो की शारीरिक परीक्षा देंती खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
30 ने पास की ताइक्वांडो कलर बेल्ट परीक्षा
ताइक्वांडो कलर बेल्ट परीक्षा रविवार सुबह चेतगंज स्थित डुओ स्पोर्ट्स एकेडमी में संपन्न हुई। वाराणसी ताइक्वांडो के तत्वाधान में हुई यह परीक्षा 30 ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने पास की। परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों का शारीरिक और मानसिक परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अरशद रजा (सेक्रेटरी, वाराणसी ताइक्वांडो), अब्दुल मलिक खान (सेक्रेटरी, गाजीपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन एवं एग्जामिनर), सौरभ जायसवाल (अकादमी डायरेक्टर), उमेश केशरी (टेक्निकल डायरेक्टर, वाराणसी ताइक्वांडो एवं चीफ, डुओ स्पोर्ट अकादमी) और अमन कुमार वर्मा (कोच, डुओ स्पोर्ट अकादमी) उपस्थित रहे।
10 दिवसीय कैरम प्रतियोगिता शुरू
जिला कैरम एसोसिएशन के तत्वावधान में 5वीं स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग रविवार शाम इंग्लिशिया लाइन स्थित चंद्रा त्रिपाठी स्मृति कक्ष में शुरु हुई। उद्घाटन मैच में अश्विनी चक्रवाल और शिवदयाल यादव की जोड़ी ने निशांत सिंह और दिव्यांश सिंह की जोड़ी को पराजित कर पूर्ण अंक अर्जित किए। प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जा रही है। 10 दिवसीय प्रतियोगिता का समापन चार जून को होगा। उद्घाटन यूपी कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर रमेश वर्मा, अशोक सिंह, अश्विनी चक्रवाल, रेणुका राय, अभिषेक विश्वकर्मा, विनोद यादव, गौरव गुप्ता मौजूद रहे।
साइकिल चलाने को तैयार खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
200 खिलाड़ी और जवानों ने चलाई साइकिल
खेलों को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश को लेकर भारतीय खेल प्राधिकरण के एसटीसी वाराणसी इकाई की ओर से रविवार सुबह संडे ऑन साइकिल का आयोजन हुआ। इसमें यूपी कॉलेज, बीएचयू सेंटर और निवेदिता सेंटर के खिलाड़ी के अलावा सीआईएसएफ और सीआरपीएफ के 200 खिलाड़ी और जवान शामिल हुए।
साइकिल चलाने की शुरुआत यूपी कॉलेज के मुख्य द्वार पर मुख्य अतिथि सीआईएसएपफ के अस्सिटेंट कमांडर वीपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर की। इस मौके पर राजीव कुमार, ज्ञानेंद्र, रमेश प्रसाद, शामिल रहे। सीआरपीएफ के 25, सीआईएसएफ के 15 और आरपीएफ के 12 जवान शामिल हुए। रैली यूपी कॉलेज के मुख्य द्वार से शुरू होकर, भोजूबीर, शिवपुर, सेंट्रल जेल, गीलट बाजार, बोजूबीर होते हुए वापस चार किलो मीटर दूरी तय कर साई एसटीसी यूपी कॉलेज पहुंची।
क्रिकेट ट्राॅफी का अनावरण करते खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
सिगरा स्टेडियम में चार टीमों के बीच होगी वाईएपीसीएल लीग
युवा अग्रवाल सम्मेलन ट्रस्ट की ओर से रात्रि कालीन युवा अग्रवाल प्रीमियर क्रिकेट लीग (वाईएपीसीएल) 6 और 7 जून को सिगरा स्टेडियम में खेली जाएगी। इसमें खेलने वाली चार टीमें एटीए हाॅस्टलर्स, दागिना डायमंड्स किंग, राधेश्याम रेंजर्स और उमा ब्लॉसम खेलेगी। प्रतियोगिता में खेलने के लिए खिलाड़ियों का चयन और ट्राॅफी का अनावरण नीचीबाग स्थित अग्रवाल भवन धर्मशाला में हुआ। संचालन महामंत्री सुयश अग्रवाल, धन्यवाद ज्ञापन प्रभव गर्ग ने दिया। इस मौके पर वीरेंद्र अग्रवाल, विजय कृष्णमून, अजय कृष्ण अग्रवाल, सलिल अग्रवाल मौजूद रहे।
बंगाली टोला इंटर कॉलेज में लगा क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर
स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव हरीश जी की स्मृति में सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। इसमें 40 खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण लिया। आनंद क्रिकेट एकेडमी की ओर से संचालित शिविर में स्किल डेवलपमेंट और मेंटल टफनेस पर कार्यशाला हुई। विशेष कार्यशाला के मुख्य अतिथि शिवानंद सिंह, लाल बाबू, पीपी आनंद मिश्रा रहे।
जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने दर्ज की पहली जीत
अर्दली बाजार स्थित एलटी कॉलेज मैदान में रविवार को स्व. नबी अहमद कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। उद्घाटन प्रदेश सरकार में मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। उद्घाटन मैच में जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने महाकाल स्पोर्टिंग क्लब को 24 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेडी स्पोर्टिंग क्लब ने निर्धारित आठ ओवर में 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाकाल स्पोर्टिंग क्लब की टीम 37 रन पर सिमट गई। इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें खेल रही हैं। इस अवसर पर राजकुमार आहूजा, टोनी, विनय शादेजा मौजूद रहे।