वाराणसी। लॉकडाउन में फंसे श्रमिकों को घर तक सकुशल पहुंचाने के लिए रेलवे ने श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाया है। राजकोट से बलिया और जालंधर से गाजीपुर के बीच श्रमिक स्पेशल की दो ट्रेनें बुधवार को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी। लेकिन यहां न तो कोई यात्री उतरेगा और न हीं कोई सवार होगा। यहां सिर्फ गार्ड और ड्राइवर बदलेंगे।
राजकोट से बलिया के बीच चली ट्रेन कैंट स्टेशन पर सुबह पांच बजे और जालंधर से गाजीपुर जाने वाली ट्रेन शाम को पांच बजे पहुंचेगी। दोनों ट्रेनें 24 कोच की हैं। जालंधर से चली ट्रेन गाजीपुर में शाम सात बजे पहुंचेगी, जबकि राजकोट से चली ट्रेन सुबह सात बजे पहुंचेगी। वहीं से बसों से पूर्वांचल के मजदूरों को पहुंचवाया जाएगा। कैंट स्टेशन पर ट्रेनों के आवागमन को लेकर सफाई कर्मियों सहित अन्य कर्मियों को अलर्ट किया गया है।