धोखाधड़ी और कूटरचना कर व्यापारी के 3.52 करोड़ रुपये हड़पने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत नहीं मिली। फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत ने नैनी, प्रयागराज निवासी आरोपी अरविंद कुमार केशरी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी।
प्रकरण के अनुसार नितिन मित्तल ने मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उन्होंने अपने फर्म के सामान की सप्लाई और वसूली के लिए नैनी, प्रयागराज निवासी आरोपी अरविंद कुमार केशरी को नौकरी पर रखा था। अरविंद केशरी लालच में कई दुकानदारों के नाम अलग-अलग बिल काटकर फर्जी जीएसटी नंबर डाल कर कम दाम में माल व्यापारियों को बेच दिया।
रामनगर थाने में भाजपाई धरने पर बैठे, पुलिस पर पिटाई का आरोप
भाजपा के एक कार्यकर्ता को रामनगर थाने ले जाकर अकारण ही पीटा गया। यह आरोप लगाकर बीती शाम भाजपा के नेता और कार्यकर्ता रामनगर थाने में धरने पर बैठ गए। सभी ने मांग की कि पिटाई के आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसकी सूचना रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने उच्चाधिकारियों को दी। अधिकारियों ने शनिवार के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाने से चले गए।
रामपुर, रामनगर के निवासी आयुष सोनकर के अनुसार गत 12 नवंबर की रात अयोध्या मैदान के सामने वह गन्ने की दुकान लगा रहा था। तभी रामनगर थाने के एक दरोगा और दो सिपाही वहां पहुंचे। आयुष का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी। मंडल अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने बताया कि एसीपी कोतवाली ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
4000 का लालच देकर 86,972 रुपये उड़ाए
क्रेडिट कार्ड पर 4000 ऑफर का लालच देकर 86,972 रुपये साइबर जालसाजों ने साफ कर दिया। पीड़ित ने चेतगंज थाने में केस दर्ज कराया। धूपचंड़ी के लेबर कालोनी निवासी अनिमेष तिवारी ने बताया कि 26 अक्तूबर को एसबीआई क्रेडित कार्ड हेल्पलाइन नंबर से फोन आया कि आपके कार्ड पर 4000 का ऑफर है।
सैलानी के क्रेडिट कार्ड से दो लाख उड़ाए
काशी दर्शन के दौरान युवक ने दोस्ती का झांसा देकर सैलानी के क्रेडिट कार्ड से दो लाख रुपये साफ कर दिए। पीड़ित ने चौक थाने में मुकदमा दर्ज कराया। आंध्र प्रदेश के रहने वाले मधुबाबू के अनुसार वह चार नवंबर को काशी दर्शन को आया था। दर्शन के दौरान एक युवक मोबाइल, पूजा का सामान और क्रेडिट कार्ड चुरा लिया।
किशोरी के अपहरण मामले में आठ के खिलाफ केस दर्ज
किशोरी को अगवा मामले में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। सोनकडीह निवासी पीड़िता मां ने बताया कि सात नवंबर को 14 वर्षीय बेटी को बेलवरिया निवासी युवराज, आहान, एकला निवासी अनुराग ने मुलाकात के लिए घर के गेट पर बुलाया। आरोप है कि इस बीच सभी ने बेटी को कार में भरकर अगवा कर लिया। पुलिस से शिकायत पर बेटी को सिंधोरा के पास छोड़कर फरार हो गए।
किशोरी से छेड़खानी में गिरफ्तार
किशोरी से छेड़खानी मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुरानी नगर निगम कालोनी स्थित ननिहाल में आई किशोरी के साथ बुधवार की रात आरोपी ने छेड़खानी की। शोर मचाने पर युवक भाग निकला। आरोपी सैफअली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
मकान का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी
अशोक विहार काॅलोनी फेज–2 स्थित एक मकान में चोरों ने ताला तोड़कर 10 हजार रुपये और पांच लाख रुपये के आभूषण चुरा ले गए। चोरी की सूचना मिलने पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से चोरों के शिनाख्त में जुट गई। सुप्रिया श्रीवास्तव ने बताया कि वह किराए का रूम लेकर रहती हैं और प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती हैं।
खनन विभाग ने मिट्टी लदे डंपर को सीज किया
मिर्जामुराद के अंडरपास के समीप खनन विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मिट्टी लदे बिना डंपर को सीज किया।
धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पैसे लेकर न लौटाने के आरोप में रवि कुमार चौधरी और राहुल सिंह के खिलाफ भेलूपुर थाना में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। रेवड़ी तालाब की रहने वाली शगुफ्ता अंजुम ने पुलिस आयुक्त से मामले की शिकायत की थी। इसके बाद मामला दर्ज किया गया।
दो परिवारों के लापता चार बच्चे मिले, 2 फिर भागे
काशी रेलवे स्टेशन के पास झोपड़ी में रह कर पत्ता बेचने वाले दो परिवारों के चार बच्चों के लापता होने की सूचना आदमपुर थाने की पुलिस को मिली। पुलिस ने 48 सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद चारों को भैंसासुर घाट के समीप से खोज निकाला।
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज का बलिराम और चंदौली के बुहेर का बिहारी अपने परिवार के साथ काशी रेलवे स्टेशन के समीप रह कर पत्ता बेचने का काम करते हैं। बलिराम का बेटा कल्लू (7) व बेटी खुशबू (2) और बिहारी की बेटी ज्योति (12) व बेटा गोलू (7) बुधवार की रात अपनी झोपड़ी के समीप ही खेल रहे थे। ज्योति के साथ तीनों बच्चे निकले आने में देरी होने पर चारों काशी रेलवे स्टेशन के समीप ही रात में सो गए। पुलिस चारों बच्चों को खोज कर उनके मां-बाप को दी तो रात में पता चला कि ज्योति और गोलू फिर घर से भाग गए हैं।
इंटरसिटी का ब्रेक जाम
शिवपुर स्टेशन पर वाराणसी-बहराइच इंटरसिटी एक्सप्रेस का ब्रेक जाम (ब्रेक बाइंडिंग) हो गया। इसकी वजह से ट्रेन 30 मिनट तक खड़ी रही। कैंट स्टेशन से ट्रेन संख्या-14213 वाराणसी-बहराइच इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 30 मिनट की देरी से दोपहर 2.30 बजे रवाना हुई।
नौकरी करने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनें
राजातालाब स्थित आईटीआई स्कूल में एमएसएमई सैमसंग टेक्निकल स्कूल की ओर से उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि सरकार की अनेक योजनाएं हैं, लाभ उठाइए। स्वयं का रोजगार कीजिए। नौकरी करने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनिए। ओडीओपी के तहत काशी में रेशमी वस्त्र, चंदौली में काला चावल की सब्सिडी ऋण योजनाएं लागू है। कस्टोडियन हिमांशु शेखर ने तकनीकी शिक्षा पर विस्तार से जानकारी दी।
बुनकरों की चुनौतियों और सुझाव को समझा
केंद्रीय रेशम बोर्ड (सीएसबी) वस्त्र मंत्रालय की ओर से रामनगर क्लस्टर में बुनकरों के साथ बैठक हुई। इसमें बुनकरों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझाव और चुनौतियों को समझा। सचिव पी. शिवकुमार समेत अन्य अधिकारियों ने रेशम बुनाई क्षेत्र के सुधार पर चर्चा की। सदस्य सचिव ने रेशम बुनाई क्लस्टर की सराहना की। बुनकरों ने कहा कि कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से दिक्कत होती है।
एनईआर जेडआरयूसीसी के सदस्य बने अरविंद त्रिपाठी
पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) के सदस्य अरविंद त्रिपाठी बनाए गए है। रेलवे की ओर से उन्हें दो साल के लिए नामित किया गया है। मूलरूप से चंदौली के भलेहटा निवासी अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि रेल यात्रियों की सुविधाएं पहली प्राथमिकता में होंगी।
भिक्षावृत्ति में शामिल आठ बच्चों को किया रेस्क्यू
जिला समाज कल्याण विभाग ने भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों के रेस्क्यू के लिए पांच टीमें गठित कींं। बुधवार को टीमों ने राजघाट, नमो घाट, भैसा कुंड, दशाश्वमेध, अस्सी समेत काशी विश्वनाथ मन्दिर परिक्षेत्र, बाबा कालभैरव के आसपास अभियान चलाकर आठ बच्चों को रेस्क्यू किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दुबे ने बताया कि सभी बच्चों को अपना घर आश्रम में आवासित किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के दो कर्मी को मिला सम्मान
सुरक्षा और संरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्वोत्तर रेलवे के दो कर्मियों को ‘मैन ऑफ द मंथ‘ सम्मान मिला। वाराणसी मंडल के हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर दिव्य प्रकाश और वाराणसी मंडल के इंजीनियरिंग विभाग में गैंग संख्या-1 सीए में की-मैन गौतम राय को इस सम्मान से नवाजा गया।
बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकली वाराणसी की महिला की मौत, पति जख्मी
पीजीआई इलाके में बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले दंपती को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। वाराणसी के शिवपुर गांव टकटकपुर निवासी राम आसरे सिंह मार्च में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह मौजूदा समय में परिवार संग कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन में रह रहे हैं। उनके भाई राणा आर सिंह ने बताया कि भतीजी नेहा की नौ दिसंबर को शादी होनी है। राम आसरे व उनकी पत्नी मीना सिंह (58) शादी के कार्ड बांटने निकले थे।
नो इंट्री में घुसे ट्रक से बड़ा हादसा टला
रामनगर चौराहे पर लगभग साढ़े सात बजे स्कूली बच्चों से भरी ऑटो हादसे का शिकार होते-होते बच गई। नो इंट्री में घुसे ट्रक से बाल-बाल बची। टेंगरा मोड़ की ओर से एक ट्रक नो इंट्री में घुसते हुए रामनगर चौराहे को पार कर कर रहा था।
शमन शुल्क जमा न करने वालों पर होगी कार्रवाई
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बृहस्पतिवार को वीडीए सभागार में शमन मानचित्रों की समीक्षा की। उन्होंने जोनल अधिकारियों से कहा कि बकाया शमन शुल्क 15 दिन के भीतर जमा कराएं। पैसे न देने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करें।
बैठक में पता चला कि शिवपुर और सिकरौल वार्ड में इस महीने शमन शुल्क मद में 29.83 लाख रुपये जमा कराए गए। अप्रैल से अब तक यहां 6.54 करोड़ रुपये शमन शुल्क जमा कराए गए हैं। 18 बकायेदारों पर 1.90 करोड़ रुपये बकाया है। इसी प्रकार सारनाथ, जैतपुरा और आदमपुर में इस महीने 1.17 करोड़ रुपये शमन शुल्क जमा कराए। यहां कुल 143 बकायेदारों पर 5.60 करोड़ रुपये बकाया है।
बाल दिवस पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
बाल दिवस के अवसर पर सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। बाल दिवस के अवसर पर सेवापुरी, बड़ागांव, अराजीलाइन, चिरईगांव, चोलापुर, हरहुआ, पिंडरा, केराकतपुर और भोजूबीर प्रथम के प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में बाल मेला लगा।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कैंट में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न राज्यों के पोशाक धारण कर राज्य की राजधानी, प्रमुख व्यंजन, लोक नृत्य प्रस्तुत किया। महादेव पीजी कॉलेज बरियासनपुर, प्राथमिक विद्यालय फूलपुर, स्मार्ट विजन स्कूल गौराकला, हरि बन्धु इंटर नेशनल स्कूल अराजी नेवादा, एस एन कॉन्वेंट स्कूल मधुकरपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
सिडबी की स्पीड योजना से उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
सिडबी महाप्रबंधक राजीव सिंह ने कहा कि उद्योग को अपग्रेड करने के लिए प्लांट व मशीनरी की खरीद के लिए स्पीड योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का लाभ लेकर उद्यमी अपने उद्योग को गति दे सकते हैं।
छावनी स्थित होटल में आयोजित एमएसएमई क्लस्टर आउटरीच में उन्होंने कहा कि सिडबी द्वारा ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए कम ब्याज पर लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। सिडबी के उप महाप्रबंधक रितेश कुमार सिंह ने बताया कि सिडबी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कार्यालय में एक सक्षम अधिकारी नियुक्त करेगा, जो उद्यमियों की वित्तीय जरूरतों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। मुख्य अतिथि आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि इससे न केवल उद्योग बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सिडबी सबसे आगे है।
शिक्षकों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर दिया धरना
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर धरना दिया। शिक्षकों ने वेतन भुगतान को लेकर आक्रोश जताया। पहले दिन मंडल के सभी जनपदों के शिक्षक उपस्थित रहे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि शासन और उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बाद भी शिक्षकों की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
बीएचयू में डे केयर सेंटर की हुई शुरुआत
बीएचयू और आईआईटी बीएचयू में कार्यरत प्रोफेसर व कर्मचारियों के बच्चों के लिए डे केयर सेंटर ‘लिटिल ब्लॉसम्स’ खोला गया है। बाल दिवस पर इसकी शुरुआत आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा और उनकी पत्नी अनुसुईया पात्र ने की। ये डे केयर सेंटर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। यहां 18 माह से 10 साल तक के बच्चों की देखभाल के साथ ही उनके खेलकूद, खानपान की सुविधा रहेगी। निदेशक ने कहा कि हमारा उद्देश्य कैंपस में बच्चों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती देखभाल प्रदान करना है।
गंगा में दुग्धाभिषेक करते कांग्रेसी।
- फोटो : अमर उजाला
अहिल्याबाई घाट पर कांग्रेस ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री पं. नेहरू की जयंती
कांग्रेस के जिला व महानगर कमेटी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की जयंती मनाई। अहिल्याबाई घाट पर मां गंगा का पूजन के साथ ही आकाशदीप जलाकर उन्हें स्मरण किया गया।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आधुनिक भारत के जनक, संस्थानों के निर्माता, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर सादर नमन। लोकतांत्रिक, प्रगतिशील, निडर, दूरदर्शी, समावेशी हिंद के जवाहर के यही मूल्य हमारे आदर्श और हिंदुस्तान के आधारस्तंभ हैं और हमेशा रहेंगे। आज उनके स्मरण में आकाशदीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन किया गया साथ अमर शहीदों व पूर्वजों के स्मरण में अहिल्याबाई घाट पर पावन कार्तिक माह में माह पर्यंत चलने वाले आकाशदीप का समापन हुआ।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद चौबे, उपस्थित रहे। उधर, पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती महानगर कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से गोलघर स्थित पराड़कर स्मृति भवन के सामने स्थित नेहरू पार्क में मनाई गई। रामनगर में नगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जयंती मनाई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने बच्चों के बीच फल का वितरण किया गया।
राज्यमंत्री ने सुनीं समस्याएं
स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने जवाहर नगर रवींद्रपुरी के प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं। चंदौली की गुंजा देवी ने पारिवारिक समस्याएं बताईं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को फोन कर निस्तारण कराया। इस दौरान अधिकतर सड़क, बिजली, पानी से संबंधित अधिक शिकायतें आईं।
सर्वर ध्वस्त, बिल काउंटर पर दिखा सन्नाटा
जिले में बिजली उपकेंद्रों पर बृहस्पतिवार की दोपहर में सर्वर सही तरीके से न चलने की वजह से बिल जमा करने में परेशानी हुई। दोपहर करीब 12 बजे सर्वर ध्वस्त होने की वजह से काउंटर पर सन्नाटा छाया रहा। स्थिति यह रही कि सर्वर कभी आ रहा था तो कभी गायब हो जा रहा था। करीब आधे घंटे बाद जब व्यवस्था सामान्य हुई।
चांदपुर इंडस्टि्रयल एरिया स्थित बिजली उपकेंद्र पर लोग दोपहर में करीब 12 बजे काउंटर पर बिल जमा करना बंद हो गया। काउंटर पर बैठे कर्मचारियों ने नेटवर्क काम न करने की जानकारी दी। उधर बिजली निगम के आईटी सेल की ओर से यह भी बताया गया है कि ऑनलाइन उपभोक्ता पोर्टल के तकनीकी उच्चीकरण के लिए 16 नवंबर की रात 10 बजे से 17 नवंबर की सुबह 4 बजे तक पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन सेवाएं(बिल भुगतान, स्मार्ट मीटर रिर्चा, स्वत: बिल जेनरेशन, स्वत: भार वृद्धि आदि) बाधित रहेंगी।
दीक्षारंभ में आठ विद्यार्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
देव दीपावली की पूर्व संध्या पर सोयेपुर लालपुर के डॉ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम हुआ। साथ ही पढ़ाई के साथ कमाई योजना का भी शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह ने बीएससी प्रथम सेमेस्टर के विवेक गौतम, प्रखर अग्रवाल, सगुन सिंह, उत्कर्ष पांडेय, बीसीए तृतीय सेमेस्टर की निधि यादव, बीए तृतीय सेमेस्टर की वैष्णवी पांडेय, रिशु सिंह और वैष्णवी पटेल सहित आठ को महाविद्यालय में तकनीकी सहायक पद पर नियुक्ति पत्र दिया। गरीब छात्र-छात्राओं के लिए एक हजार की छात्रवृति की घोषणा की।
समर्थ पोर्टल से दर्ज होगी तकनीकी समस्या
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या को समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही दर्ज कराना होगा। पोर्टल पर आवेदन आने के बाद निस्तारण कराया जाएगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने कहा कि समर्थ पोर्टल पर संबंधित समस्या के लिए समर्थ आईडी से टिकट बनाकर समस्या दर्ज करवाई जा सकती है। मौखिक व अन्य किसी माध्यम से समाधान नहीं किया जाएगा। ब्यूरो
वाद-विवाद में बीएचयू के छात्र को दूसरा स्थान
स्व. कमला बहुगुणा के जन्म शताब्दी वर्ष पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में लखनऊ के बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय में बीएचयू छात्र रतन सिंह ने दूसरा स्थान पाकर मान बढ़ाया है। उधर, मंडलस्तरीय डॉ. संपूर्णानंद वाद-विवाद प्रतियोगिता में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के 11वीं के आशीष, रीतिक ने प्रथम स्थान, बसंत इंटर कॉलेज की 12वीं की तृषा सोनकर व 11वीं की श्रेया पाठक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्र-छात्राओं को एक-एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मिली।
50 आपत्तियां आईं, जांच के बाद फाइनल होंगे केंद्र
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा के लिए 122 केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी कर दी। 14 नवंबर तक आपत्ति मांगी है। 50 से ज्यादा आपत्तियां आई हैं। अब इसकी जांच होगी। बोर्ड को रिपोर्ट जाएगी और फिर वहां से फाइनल सूची जारी होगी। कई विद्यालयों को इस बार केंद्र नहीं बनाया गया है। जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 402 विद्यालय हैं। पिछली बार से 6 कम केंद्र बनाए गए हैं।
एआई से प्रदूषण की सटीक जानकारी
बीएचयू में राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के वाराणसी चैप्टर और डीएसटी महामना जलवायु परिवर्तन अनुसंधान उत्कृष्टता केंद्र की ओर से विशेष व्याख्यान में जलवायु परिवर्तन से जुड़े बिंदुओं पर वक्ताओं ने विस्तार से चर्चा की। बतौर मुख्य वक्ता आईआईटी कानपुर के कोटक स्कूल ऑफ सस्टेनेबिलिटी के डीन प्रो. सच्चिदानंद त्रिपाठी ने कहा कि प्रदूषण के आकलन और नियंत्रण में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की भूमिका अहम है। प्रो. त्रिपाठी ने पुरानी टिकाऊ प्रथाओं को एकीकृत करने की बात कही। उद्घाटन समारोह के बाद छात्रों के साथ कई मुद्दों पर संवाद किया।
शेपा में भूगोल विभाग का उद्घाटन
सोसाइटी फाॅर हायर एजूकेशन एंड प्रैक्टिकल एप्लीकेशन (शेपा) में बृहस्पतिवार को भूगोल विभाग का उद्घाटन बीएचयू भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. केके दूबे ने किया। प्रो. दूबे ने कहा कि भूगोल सभी विज्ञानों की जननी है। बीएचयू के पूर्व कुलसचिव प्रो. वीके कुमरा ने कहा कि प्रो. पृथ्वीश नाग के नेतृत्व में स्थापित विभाग ब भूगोल विभाग के सेटेलाइट के रूप में काम करेगा। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अनुपम शुक्ल, प्रो. आरएस यादव, डॉ. जेपी श्रीवास्तव, उपनिदेशक डॉ. चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।
धातुओं से युवा कलाकारों ने बनाई आकर्षक डिजाइन
बीएचयू के भारत कला भवन में दस दिवसीय रिपॉसे कला के समापन समारोह में कलाकारों ने धातुओं के प्रयोग से बनाई गई आकर्षक डिजाइन की प्रदर्शनी लगाई। धातु के प्लेट पर अलग-अलग आकृतियां उकेर कर कलाकारों ने सभी का ध्यान खींचा। नागपुर फाइन आर्ट्स कॉलेज के संकाय प्रमुख डॉ. विश्वनाथ सावले, बीएचयू भारत कला भवन के उप निदेशक डॉ. निशांत, मूर्तिकला विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
भाषण में निलेश प्रथम, अंकित दूसरे स्थान पर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 148वीं जयंती पर भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता पर चर्चा की। निलेश पांडेय प्रथम, अंकित दुबे द्वितीय, प्रेम शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। राजनीति शास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ, मदनमोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, अंग्रेजी विभाग के डॉ. नवरत्न सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कृष्णकांत, आशुतोष मौजूद रहे।
स्केचिंग, फोटोग्राफी और पेंटिंग प्रतियोगिता के 144 विजेता पुरस्कृत
काशी सांसद प्रतियोगिता में कलाकारों ने अलग-अलग थीम पर फोटोग्राफी कर बेहतरीन कला का प्रदर्शन किया। 20 थीम पर प्रतियोगिता में 55 विजेताओं के नाम की घोषणा की गई। लाइफ इन काशी थीम पर सीडीओ हिमांशु नागपाल ने पहला स्थान हासिल किया। प्रखर सिंह दूसरे और बीरम चौरसिया तीसरे स्थ्ाान पर रहे।
इस प्रतियोगिता में मनीष कुमार ने 20 में से पांच प्रतियोगिता में मेडल हासिल किया है। वहीं, मार्जित भास्कर गुप्ता, मृदुल चौरसिया, डेविड टोन और मारजित भास्कर गुप्ता ने दो-दो मेडल हासिल किए। पीएम विजिट इन काशी थीम में मनीष खत्री, डेवलपमेंट ऑफ काशी थीम में दीप्ति सिंह। वहीं, स्केचिंग की 11 थीम में 41, पेंटिंग की 10 थीम में 48 विजेता पुरस्कृत हुए।
अमर उजाला डिजिटल पर देखें विजेताओं की सूची : काशी सांसद फोटोग्राफी विजेताओं के सभी थीम में जो-जो विजेता घोषित किए गए हैं, उनकी सूची अमर उजाला डिजिटल पर देखी जा सकती है।
पूंछ का श्राप नाटक का मंचन करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
ट्वेल्थ फेल और पूंछ का श्राप से जीता दिल
तीन दिवसीय बाल नाट्य महोत्सव की शुरुआत नागरी नाटक मंडली में नाटक ट्वेल्थ फेल और पूंछ का श्राप से हुआ। बाल कलाकारों ने सशक्त प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। नागरी नाटक मंडली न्यास की ओर से आयोजित महोत्सव का शुभारंभ बच्चों ने ही दीप जलाकर किया। पहले नाटक 'पूंछ का श्राप' का बच्चों ने भावपूर्ण मंचन किया।
सुमन पाठक द्वारा निर्देशित इस नाटक से कलाकारों ने लोगों को झूठ व लालच से बचने के लिए प्रेरित किया। वहीं, सनबीम एकेडमी के बच्चों ने राजेश्वर त्रिपाठी द्वारा निर्देशित नाटक ‘ट्वेल्थ फेल’ का मंचन किया। उन्होंने नाटक से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाने पर जोर दिया। संयोजक डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, न्यास के सचिव डॉ. अजीत सैगल मौजूद रहे।
नींबू और कुर्सी दौड़ में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
बाल दिवस पर रोटरी क्लब काशी की ओर से मंडुवाडीह स्थित गणपति रेजिडेंसी में बच्चों के विभिन्न आकर्षक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम में बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। नींबू दौड़, कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता के साथ ही समसामयिक प्रश्नोत्तरी में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि रोटरी क्लब की उप मंडलाध्यक्ष मीना सिंह ने बच्चों को उत्साहवर्धन किया। रोटरी काशी के अध्यक्ष अरुण तिवारी और सचिव अश्विनी श्रीवास्तव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और बच्चों को उपहार दिए।
रोटरी क्लब बनारस ने दिए 6 कंप्यूटर
रोटरी क्लब बनारस के गोद लिए प्राथमिक विद्यालय दरेखू में कंप्यूटर कक्षा शुरू की गई है। बच्चों को कंप्यूटर में निपुण बनाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय को 6 कंप्यूटर दिए गए। उद्घाटन मुख्य अतिथि रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारितोष बजाज ने किया। क्लब ने जवाहरलाल नेहरू को भी याद किया। इस दौरान पुनीत विवेक मेहरा, प्रशांत नागर, महेंद्र सिंह चंदेल, रवीश गुप्ता, चंदन सिंह उपस्थित रहे।
शिल्प बाजार में गर्म कपड़ाें की अधिक बिक्री
राष्ट्रीय गांधी शिल्प बाजार में हस्तशिल्पियों के उत्पादों की खूब बिक्री हो रही है। बेनिया बाग में आयोजित मेले में कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक और मुंबई से लेकर असम, दार्जिलिंग व नागालैंड तक के हस्तशिल्पी व बुनकरों के विशेष उत्पादों की मांग ज्यादा है। पूर्वांचल निर्यातक संघ के अध्यक्ष नवीन कपूर ने बताया कि कुल्लू, हिमाचल, श्रीनगर, कश्मीर के ऊनी वस्त्र और लेदर जैकेट, अलग-अलग प्रांतों के पारंपरिक परिधान, कन्नौज के इत्र आदि विशेष वस्तुएं शिल्प बाजार में उपलब्ध हैं।
दस दिन बाद जोड़ी नाइट बाजार की बिजली
कैंट फ्लाईओवर के नीचे चलने वाले नाइट बाजार की बिजली दस दिन बाद जोड़ दी गई। स्मार्ट सिटी के नाम से बिजली निगम में जो कनेक्शन था, उस पर बिजली का 32,25,054 बकाया होने की वजह से छह नवंबर से ही बिजली काट दी गई थी। बृहस्पतिवार को निगम में करीब सात लाख रुपये जमा करवाए गए, जिस पर मुख्य अभियंता के निर्देश पर कनेक्शन को जोड़ा गया।
धर्म से विश्व में शांति लाने का किया आह्वान
काशी के संतों और विद्वानों ने धर्म के माध्यम से विश्व में शांति कायम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निंबार्क दर्शन सबकी उन्नति के साथ मार्ग दर्शन करता है। 5120वें भगवान निंबार्क जयंती महोत्सव के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को शिवाला स्थित श्री संत दास काठिया बाबा आश्रम में राष्ट्रीय निंबार्क दर्शन सम्मेलन व विद्वत सभा हुई।
मधुमेह दिवस पर पेनेशिया हॉस्पिटल ने किया जागरूक
शहर में कबीर नगर कॉलोनी स्थित पेनेशिया हॉस्पिटल की टीम ने विश्व मधुमेह दिवस पर 6 किमी की जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर हॉस्पिटल के निदेशक मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष मिश्रा ने लोगों को वॉकिंग, उचित खानपान से मधुमेह रोग से बचे रहने की सलाह दी। हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. पल्लवी मिश्रा ने कहा कि नई तकनीक और आधुनिक चिकित्सा से मधुमेह का उपचार आसान होता जा रहा है। संचालन डॉ. उत्तम ओझा ने किया। डॉ. नुपुर ओझा ने सभी को धन्यवाद दिया।
डायबिटीज-डे पर वॉकथान से किया जागरूक
सुंदरपुर स्थित डायबिटीज एंड एंडोक्राइन केयर सुपर स्पेशलिटी क्लीनिक की टीम ने वर्ल्ड डायबिटीज डे पर जागरूकता के लिए वॉकथॉन का आयोजन किया। इसमें बीएचयू गेट लंका से अस्सी घाट तक लोगों को डायबिटीज से बचाव और उपचार की जानकारी दी। अस्सी घाट पर डायबिटीज एवं हार्मोन रोग विशेषज्ञ डॉ. अलंकार तिवारी ने लोगों को उचित खानपान, व्यायाम की सलाह दी। इस अवसर पर डॉ. सौम्या पांडेय, अमित श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
सत्कृति हॉस्पिटल ने मधुमेह दिवस पर लगाया शिविर
विश्व मधुमेह दिवस पर सत्कृति हॉस्पिटल की टीम ने सेंट्रल बार एसोसिएशन के लिए निशुल्क डायबिटीज जांच एवं परामर्श शिविर लगाया। जिला न्यायाधीश संजीव कुमार पांडेय ने शिविर का शुभारंभ किया। 250 से अधिक अधिवक्ताओं ने शिविर का लाभ उठाया। डॉ. प्रियंका ने मरीजों को परामर्श दिया। इस अवसर पर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनोज कुमार गुप्ता ने अपनी किताब ‘साइलेंट एपिडेमिक’ जिला न्यायाधीश को भेंट की। शिविर में मानव रक्त फाउंडेशन ट्रस्ट के अबू हासिम का सहयोग रहा।
20 स्टॉलों पर दी गई जानकारी
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कॅरिअर मेले में सरकारी योजनाओं की जानकारी 20 स्टॉलों के माध्यम से दी गई। प्रथम स्थान पीएम सूर्य याेजना, द्वितीय सड़क सुरक्षा व तृतीय स्थान मतदाता जागरूकता को दिया गया। उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैक ने पेंटिंग प्रतियोगिता कराई।
जीवन धन्य कर देती है राम कथा
भगवती माता मंदिर अखरी में चल रहे संगीतमय रामकथा के पांचवें दिन पं. वशिष्ठ नारायण उपाध्याय ने कहा कि सत्संग में आने से मनुष्य का जीवन धन्य हो जाता है। प्रभु नाम के स्मरण करने से मनुष्य भव रूपी सागर से पार हो जाता है। अगर हमें जीवन में शांति चाहिए तो प्रभु की शरण में जाना पड़ेगा।
ब्रह्म बाबा का हुआ शृंगार, ग्रहण किया प्रसाद
बाबा विश्वनाथ मंदिर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में श्रीराम मशीनरी मार्केट (मलदहिया) में स्थित ब्रह्म बाबा का शृंगार हुआ। बाबा की सजी झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। भंडारे में चार हजार से अधिक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रीराम मशीनरी मार्केट कल्याण समिति के नेतृत्व में बाबा का सुगंधित फूलों से शृंगार हुआ। फल, मिठाई आदि नैवेद्य अर्पित कर सविधि पूजा हुई। इस दौरान राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, उद्यमी आरके चौधरी, राजेश भाटिया, समिति के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, महामंत्री बिपिन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दिलीप अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
गुलाब की पंखुड़ियों से सजी मजार, रोशन हुईं 266 शमा
दरगाहे फातमान के संस्थापक शेख मोहम्मद अली हजी की 266वीं बरसी बृहस्पतिवार को मनाई गई। बृहस्पतिवार को उनकी मजार पर 266 शमा रोशन हुई और गुलाब की पंखुड़ियों से मजार को सजाया गया।
बीती शाम को आयोजित कार्यक्रम में मौलाना जमीरुल हसन, मौलाना सैयद, मोहम्मद अकील हुसैनी, डॉ. शफीक हैदर और मौलाना इबनुल हसन ने उनकी जिंदगी पर रोशनी डाली। कहा कि इल्म की रोशनी बिखेरने वाले शेख अली हजी बनारस से बेहद प्यार करते थे। शेख अली हजी का जन्म ईरान में हुआ था। 300 साल पहले वो भारत आए। विभिन्न शहरों से होते हुए जब बनारस आए तो यहीं बस गए।
उन्होंने कहा था कि मैं बनारस छोड़कर नहीं जाऊंगा। ये इबादत की आम जगह है। यहां बच्चे-बच्चे में मुझे राम और लक्ष्मण दिखाई देते हैं। उन्होंने महाराजा चेतसिंह की दी हुई जमीन पर दरगाहे फातमान की स्थापना की। संयोजक हाजी फरमान हैदर ने मेहमानों का इस्तेकबाल किया। मुतवल्ली अब्बास रिजवी शफक ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
जीवन जीने का तरीका बताता है श्रीरामचरितमानस
नगवां रविदास पार्क स्थित श्री दुर्गा मातृ छाया शक्तिपीठ में दो दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा उत्सव का शुभारंभ हुआ। संगीतमय अखंड रामायण पाठ के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। संस्थापिका साध्वी गीतांबा तीर्थ ने श्री रामचरितमानस की पोथी का पूजन किया।