फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की दस खास खबरें: कुशल जायसवाल से मिले अजय राय, हार्डवेयर व्यापारी से 50 हजार की उचक्कागिरी

Wed, 30 Oct 2024 10:36 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी की छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। खास दस खबरों में पहली खबर कांग्रेस नेता रोशनी जायसवाल से जुड़ी हुई है। जेल में बंद उनके पति कुशल से मिलने के लिए कांग्रेस नेता अजय राय पहुंचे थे। वहीं, आजमगढ़ के व्यापारी से 50 हजार की उचक्कागिरी हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला जेल में बंद कांग्रेस नेत्री रोशनी जायसवाल के पति कुशल जायसवाल व अन्य कार्यकर्ताओं से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जेल पहुंचकर मुलाकात की। पिछले 45 दिनों से रोशनी जायसवाल के पति कुशल जायसवाल व अन्य 6 लोग जेल में बंद हैं। अजय राय ने कहा कि रोशनी जायसवाल के घर की कुर्की तक का आदेश दिया गया है जो पूर्णतः गलत है। कांग्रेस पार्टी शासन–प्रशासन के एक पक्षीय कार्यवाही का हमेशा विरोध करती है।

विज्ञापन


कहा कि एक महिला ने अपने आत्मसम्मान व रक्षा के लिए दुष्कर्म की धमकी देने वाले के खिलाफ आवाज उठाई। इसके बाद भी जिस तरह की कार्रवाई की जा रही है, वह कानून संगत न्याय नहीं है। कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, गुलशन अली, दिलीप चौबे, सतनाम सिंह, मयंक चौबे, विनोद सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

पुराने विवाद में भाईयों की पिटाई
आदमपुर थाने क्षेत्र के गोलगड्डा में पुराने विवाद को लेकर सगे भाइयों की पिटाई कर दी गई। आरोप है कि लाठी और डंडे से पिटाई की गई। पीड़ित ने बुधवार को आदमपुर थाने मेंतीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।पीड़ित वीरू सोनकर के अनुसार घर के बाहर टहल रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाले तीनों युवकों ने पारिवारिक झगड़े को लेकर हमला कर दिया। बीचबचाव को पहुंचे छोटे भाई करन सोनकर की भी लाठी डंडे से पिटाई की गई। आरोपी नंदा सोनकर, आशीष सोनकर और राजकुमार सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में बुधवार को जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जैतपुरा के दारानगर की रहने वाली विवाहिता श्वेता यादव के अनुसार पति बच्चा यादव समेत सास शांति देवी, ससुर जीउत यादव, जेठ सुनील यादव, जेठानी, ननद ने दहेज में दो लाख रुपये नहीं मिलने पर प्रताड़ित करते हैं। पिटाई कर घर से निकाल दिया है।

हार्डवेयर व्यापारी से 50 हजार की उचक्कागिरी
कोतवाली थाने क्षेत्र के काशीपुरा में बुधवार को खरीदारी को पहुंचे व्यापारी की जेब से 50 हजार रुपये की उचक्कागिरी हो गई। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। आजमगढ़ के मेहनाजपुर निवासी हार्डवेयर व्यापारी राजेश पाल के अनुसार वह दीपावली पर खरीदारी के लिए काशीपुरा आए थे।

काशीपुरा तिराहे के पास भीड़ भाड़ के बीच उन्हें तीन लोगों ने घर लिया और धक्का मुक्की करने लगे, जैसे ही भीड़ से निकलकर सड़क किनारे पहुंचा। जब अपने जेब में हाथ डाला तो पता चला कि जेब से 50 हजार गायब है। पहले राजेश पाल ने आसपास तीनों युवकों की तलाश की, बाद में कोतवाली थाने पहुंच कर घटना की जानकारी दी। कोतवाली पुलिस के अनुसार घटना स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

रिटायर्ड डीजी को पुलिस आयुक्त ने दिया कंधा, पुलिस लाइन में दी शोक सलामी
रिटायर्ड डीजी सुबेश कुमार सिंह के पार्थिव शरीर को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कंधा दिया। पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक सलामी दी गई। पूर्व आईपीएस सुबेश कुमार सिंह का मंगलवार को लखनऊ के आवास में निधन हो गया था, वो कैंसर से पीड़ित थे। बुधवार को अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। शोक सभा में एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के एजिलरसन, आईजी रेंज मोहित गुप्ता, अपर पुलिस आयुक्त एस. चन्नप्पा, पुलिस उपायुक्त लाइन हृदेश कुमार मौजूद रहे। 

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखने सड़क पर उतरे पुलिस आयुक्त
दीपावली की पूर्व संध्या पर बुधवार को कमिश्नरेट पुलिस सतर्क रही। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नदेसर, चौकाघाट, लहुराबीर, मलदहिया, कैंट, इंग्लिशिया लाइन, साजन चौराहा, सिगरा में गश्त कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखी।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों को आभूषण की दुकानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को कहा। साथ ही पटाखा बिक्री स्थल पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए फायर ब्रिगेड को निर्देश दिया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी जरूर लें। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून और व्यवस्था एस. चन्नप्पा समेत डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थानेदार मौजूद रहे। 

आजीवन कारावास की सजा काट रहे बुजुर्ग कैदी की मौत
सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बुजुर्ग कैदी की बुधवार सुबह जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। बलिया के उभांव थाने क्षेत्र के भीता भुवारी निवासी श्रीराम यादव (85) हत्या के मामले में सजा काट रहे थे। बलिया की कोर्ट ने उस पर 51500 रुपये का अर्थदंड लगाया था। सुबह श्रीराम यादव के सीने में तेज दर्द उठा। जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

नमामि गंगे के सदस्यों ने चलाया गंगा सफाई अभियान
दीपावली की पूर्व संध्या पर बुधवार को राजघाट पुल पर नमामि गंगे के सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया। सैकड़ों लोगों को गंगा में पूजन सामग्री और निर्माल्य फेंकने से रोका। साथ ही आसपास जमा कचरे को कूड़ेदान तक पहुंचाया। लोगों को गंगा की सफाई के प्रति जागरूक किया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ रखकर ही हम आरोग्य और निरोगी रह सकते हैं। 
विज्ञापन

एक नवंबर को भी रहेगा दीपावली का सार्वजनिक अवकाश
उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग के निर्देशानुसार एक नवंबर को भी दीपावली का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बताया कि दीपावली पर एक नवंबर का सार्वजनिक अवकाश सशर्त घोषित किया गया है कि नौ नवंबर को दूसरे शनिवार को शासकीय कार्यालय सामान्य कार्य दिवस की तरह खुले रहेंगे। उत्तर प्रदेश में दीपावली का पर्व 31 अक्तूबर के साथ एक नवंबर को भी मनाया जा रहा है। ऐसी स्थिति में शासन स्तर पर एक नवंबर को भी दीपावली का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है। 

बीएचूय अस्पताल में आज बंद रहेगी ओपीडी
दीपावली के मद्देनजर बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी 31 अक्तूबर यानी बृहस्पतिवार को बंद रहेगी। हालांकि, अस्पताल की इमरजेंसी सेवा सामान्य दिनों की तरह चलती रहेगी। बीएचयू प्रशासन की ओर से इसको लेकर पहले ही आदेश जारी किया गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें