फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिर्जापुर में सीएम योगी को काला झंडा दिखाने की कोशिश नाकाम, सपा नेता सहित 10 गिरफ्तार

Wed, 25 Apr 2018 01:10 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मिर्जापुर
विज्ञापन
काला झंडा दिखाने से पहले सपाई गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मिर्जापुर के पुतली घर में आयोजित सामुहिक विवाह में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काला झंडा दिखाने की सपाइयों की कोशिश नाकाम हो गई। भनक लगते ही कटरा कोतवाली में तैनात निरीक्षक योगेश यादव फोर्स के साथ पहुंचे और सपा नेता अभय यादव समेत दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य सपाई पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे।
विज्ञापन


यहीं नहीं पुलिस जो भी काला कपड़ा पहनकर वहां जा रहा था उसका कपड़ा उतरवा दे रहे थे। यहां तक एक अधिवक्ता का काला कोट तक उतरवा दिया। अधिवक्ता ने कहा कि वह कोर्ट से सीधे कार्यक्रम में सीएम के भाषणों को सुनने आया है न कि उनको काला झंडा दिखाने के लिए आया।

अधिवक्ता शोर मचाता रहा लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी और उसका कोट उतरवा दिया। जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। मंगलवार की दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिर्जापुर में आयोजित सामुहिक विवाह के कार्यक्रम में शामिल होने की खबर लगते ही सपाजनों ने उनको काला झंडा दिखाकर अपना विरोध जताने का निर्णय लिया।
विज्ञापन


समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष अभय यादव के नेतृत्व में सपाई सीएम को काला  झंडा दिखाने के लिए निकल पड़े। दोपहर करीब एक बजे सपा नेता भारी संख्या में पुतलीघर पहुंचे और सीएम के आने का इंतजार करने लगे।

सपाजनों द्वारा सीएम को काला झंडा दिखाने की खबर लगते ही पुलिस मकहमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने तत्काल कटरा कोतवाली पुलिस को काला झंडा दिखाने का प्रयास करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।

एसपी के निर्देश पर निरीक्षक योगेश यादव फोर्स के साथ पहुंचे और सपा नेता अभय यादव, लल्लू शुक्ला लक्ष्मण यादव, उपेंद्र तिवारी, चंदन यादव, मुश्ताक अहमद, खालिद समीर, पीयूष यादव, जयमंगल यादव और रितेश तिवारी को गिरफ़्तार कर लिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी को निजी मुचकले पर शाम छह बजे छोड़ दिया गया। मौके से एक काला झंडा झंडा बरामद किया गया है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अव्यवस्था का बोलबाला

गर्मी से परेशान एक दूल्हा - फोटो : अमर उजाला
मिर्जापुर के पुतली घर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान पंडाल में पंखे और कूलर लगाए गए थे जो कार्यक्रम खत्म होने तक चालू नहीं किए गए जिससे कार्यक्रम में मौजूद हजारों को लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा।

पंडाल में लगा कपड़ा जगह-जगह खुल कर लटक गया था जिससे सीधे धूप आ रही थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोग पसीना पोछते नजर आए। कुछ समय तक बिजली भी गुल रही। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए बने मंच पर एसी की व्यवस्था की गई थी।  

सामूहिक विवाह की तैयारियों में पूरा प्रशासनिक अमला लगा हुआ था। कमिश्नर, डीएम, एसपी से लेकर जिले के पांचों विधायक प्रतिदिन तैयारियों का जायजा लेते रहे। इसके बावजूद मुकम्मल व्यवस्था नहीं हो सकी।

कार्यक्रम स्थल पर बने हैलीपेड पर सीएम का हेलीकाप्टर उतरने पर काफी धूल उड़ी जिससे वर, वधू और उनके परिवार के लोगों के लोग धूल धुसरित हो गए। तीन दिन पहले तय हुआ था कि पंडाल और आसपास आने जाने मार्ग पर कारपेट बिछाई जाएगी ताकि धूल न उड़े लेकिन कारपेट नहीं बिछाई गई थी।

विवाह स्थल पर जो टेंट लगाया गया था, उसके कपड़े काफी पतले थे। कई स्थानों पर पाइप में बांधा गया कपड़ा खुल कर लटक गया था जिससे सीधे धूप आ रही थी। वैवाहिक कार्यक्रम के अलावा मुख्यमंत्री को सुनने आए लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ा। गर्मी के चलते कई लोग मुख्यमंत्री के आने के पहले लौट गए।
विज्ञापन

पुलिस छावनी में तब्दील रहा सामूहिक विवाह स्थल

हेलीपैड से मंच तक रही कड़ी सुरक्षा - फोटो : अमर उजाला
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। आईजी विजय सिंह मीणा और पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी खुद डटे रहे। मंच के आसपास एएसपी, सीओ व इंस्पेक्टर के अलावा भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।   

सामूहिक विवाह स्थल पर मंगलवार की सुबह पुलिसकर्मी तैनात हो गए थे। कार्यक्रम में पहुंचे प्रत्येक व्यक्ति को जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया। दोपहर दो बजे हेलीपैड पर मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी का हेलीकाप्टर उतरते ही कार्यक्रम स्थल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

हेलीपैड से मंच तक सीएम सुरक्षा घेरे में रहे। उनके मंच पर पहुंचते ही आईजी विजय मीणा और पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी मौजूद रहे। एएसपी प्रकाश स्वरूप पांडेय, एएसपी एके सिंह, सीओ नगर संजय सिंह, सदर बृजेश त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।

कार्यक्रम स्थल पर उन्हें ही जाने दिया गया जिसे प्रशासन ने पास जारी किया था। कार्यक्रम स्थल पर वर-वधू, उनके परिवार के सदस्य, भाजपा, अपना दल (एस) के पदाधिकारी और मीडिया के लोगों को ही रहने दिया गया।

भीड़ अनियंत्रित न हो इसके लिए यातायात प्रभारी मनोज ठाकुर को लगाया गया था। एनसीसी कैडेट्स ने व्यवस्था संभालने में लगे थे।  आपात स्थिति के लिए कार्यक्रम स्थल फायर ब्रिगेड की गाड़ी और तीन एंबुलेंस की की व्यवस्था थी। डाक्टरों की एक टीम भी मौजूद थी।   
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें