प्रशासन और पुलिस टीम ने बुधवार को सोनभद्र जिले के तीन गांवों में पांच सौ ट्रैक्टर बालू का अवैध भंडारण पकड़ा। बालू जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी गई। डीएम ने अवैध खनन और भंडारण करने वालों पर एफआईआर का निर्देश दिया है।
डीएम अमित कुमार सिंह को सूचना मिली कि सोन नदी से बालू का अवैध खनन कर घोरावल के कई क्षेत्रों में भंडारण किया गया है। इस पर एसडीएम घोरावल राजकुमार और सीओ विवेकानंद तिवारी की अगुवाई में टीम बना कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
टीम पहले रिजुल पहुंची। यहां प्राइमरी स्कूल के पास 60 ट्रैक्टर से अधिक बालू मिला। मझौली मेें 32 से 40, हिनौती में सात स्थानों पर सवा तीन सौ ट्रैक्टर बालू मिला। सभी जगह बालू जब्त कर पुलिस तैनात कर दी गई।
रिपोर्ट के आधार पर खनन अधिकारी ने भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुवार सुबह एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। उधर, बालू का अवैध भंडारण पकड़े जाने के साथ ही अधिकारियों के फोन घनघनाए जाने लगे। इसमें कई फोन सत्ता पक्ष के कद्दावरों के बताए गए।
एसडीएम राजकुमार ने बताया कि बरामद बालू सीज कर दिया गया है। इसकी बाद में नीलामी की जाएगी। बालू डंप कराने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सीओ ने कहा है कि अफसरों को बता दिया गया है। खान विभाग के अधिकारी की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।