बाइक से संबंधित व्यक्ति को चौबेपुर थाने लाकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि फुलवरिया गांव निवासी सीआरपीएफ के जवान के पिता ने साल भर पहले उससे बाइक खरीदी थी, लेकिन पेपर ट्रांसफर नहीं कराया था। इसके बाद बाइक खरीदने वाले के घर पर पुलिस पहुंची। परिजनों की मदद से दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उधर, मुक्तिनाथ के शव की अंत्येष्टि बुधवार को बलुआ घाट पर गंगा किनारे की गई, जहां मुखाग्नि उसके पिता भोलानाथ तिवारी ने दी।
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह भगतुआ स्थित पुरानी पेट्रोल टंकी के समीप जो शराब ठेका है, वहां गए थे। उसी दौरान मुक्तिनाथ भी वहां शराब लेने पहुंचा था। सेल्समैन को पैसा देकर पहले शराब लेने की जल्दबाजी में मुक्तिनाथ से उनकी कहासुनी हुई। इस पर मुक्तिनाथ ने उन दोनों को बाहरी समझ कर एक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। इस पर उन्होंने मौके पर मिले लाठी-डंडे और ईंट से मुक्तिनाथ पर ताबड़तोड़ हमला किया। फिर, दोनों बलुआ घाट की ओर जाने वाले मार्ग की ओर तेजी से भाग निकले। दोनों ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि मुक्तिनाथ की मौत हो जाएगी।
शिवपुर क्षेत्र में एक युवक को गोली मार कर लूट, चोलापुर क्षेत्र में दो युवकों को गोली मार कर लूट और चौबेपुर क्षेत्र में युवक की हत्या पर पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन ने गहरी नाराजगी जताई है। बुधवार को उन्होंने चोलापुर और चौबेपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी वरुणा जोन भी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने चौबेपुर और चोलापुर थानाध्यक्ष से उनके क्षेत्र के आपराधिक घटनाओं व खुलासे की जानकारी ली। दो टूक कहा कि अपराध पर अंकुश लगाएं या विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहें।