स्मार्ट सिटी योजना: अब तीसरी आंख की नजर में होगी पूरी काशी, जाम से मिलेगी निजात और अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
Sat, 02 Oct 2021 04:46 PM IST
उत्पल कांत
जय नारायण सिंह यादव, अमर उजाला, वाराणसी
सार
एडवांस सर्विलांस सीसीटीवी कैमरे से लैस होने के बाद शहर की हर गतिविधियों की जानकारी आसानी से होगी। इस कैमरे में फेसियल रिकवर करने की क्षमता है। दिन हो या रात, उसकी जद में आने के बाद कोई बच के नहीं निकल सकेगा।
काशी को स्मार्ट सिटी बनाने की मुहिम में एक कड़ी और जुड़ने जा रही है। पूरा शहर अब तीसरी आंख की नजर में होगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत शहर भर में 2300 एडवांस सर्विलांस सीसीटीवी कैमरे लगाएं जाएंगे। इसके लिए 735 स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है।
विज्ञापन
इस पूरी योजना पर 115 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को और सुगम एवं बेहतर बनाना है। ताकि लगने वाले जाम से निजात मिल सके और अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके। काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की तरह यह भी काम करेगा।
इस सेंटर में अभी ट्रैफिक, अस्पताल, कचरा प्रबंधन सहित 48 विंग की मॉनीटरिंग होती है। उसी तरह एडवांस सर्विलांस सीसीटीवी कैमरे से लैस होने के बाद शहर की हर गतिविधियों की जानकारी आसानी से होगी।
एडवांस सर्विलांस सीसीटीवी कैमरे में फेसियल रिकवर करने की क्षमता है। दिन हो या रात, उसकी जद में आने के बाद कोई बच के नहीं निकल सकेगा। खासकर अपराधियों को घटना को अंजाम देकर भागना आसान नहीं होगा। वहीं, वाहनों पर तीन लोग बैठकर बिना हेलमेट भी नहीं चल सकेंगे। साथ ही नंबर प्लेट को भी आसानी से कैच कर सकेगा। शहर में कहीं जाम की स्थिति है तो तत्काल वहां पुलिस पहुंचेगी और इससे निजात दिलाएगी।
सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद काशी इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर के बगल में अलग से कमांड कंट्रोल सेंटर में हर थाने की अलग-अलग मॉनीटरिंग होगी। इसके लिए थानेवार सिस्टम होगा और संबंधित थाने के पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी उसे संचालित करेंगे। इसमें सभी की आठ-आठ घंटे की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाएगी। ताकि थानेवार होने वाली आपराधिक, यातायात या अन्य गतिविधियों की जानकारी आसानी से मिल सके।