वाराणसी के सरायमोहाना में शुक्रवार को पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के बाद छह लुटेरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 11 लाख के नगदी-जेवर, दो पिस्टल, तीन बाइक और चार ऑटो बरामद किए गए।
एसएसपी आरके भारद्वाज ने बताया कि इन बदमाशों ने आभूषण कारोबारी के कर्मचारियों से 70 लाख की लूट की थी। क्राइम ब्रांच प्रभारी ओम नारायण सिंह को सूचना मिली थी कि छह लुटेरे सारनाथ से राजघाट की तरफ जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक आदमपुर अजीत कुमार मिश्र और अपनी टीम के साथ उन्होंने सरायमोहाना में वरुणा पुल के पास घेरेबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक साथ आ रहीं तीन बाइक को रुकने का पुलिस ने इशारा किया गया तो वे फायर करते हुए भागने लगे।
पुलिस ने पीछा करते हुए सभी छह लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए प्रदीप पटेल, अनिकेत यादव और गप्पू अधिकारी कोतवाली क्षेत्र के मध्यमेश्वर निवासी, सौरभ मिश्रा कोनिया, संदीप यादव मैदागिन और आकाश सेठ सूजाबाद रामनगर निवासी बताए गए हैं।
उनके पास से पुलिस ने दो पिस्टल, 7.60 लाख रुपये नगद, 3.50 लाख के गहने, एक बुलेट, एक एक्टिवा, एक यामहा बाइक और चार ऑटो बरामद किया है। नगदी समेत कुल सामान की कीमत करीब 25 लाख बताई गई है।
आभूषण व्यवसायी के कर्मचारियों से हुई थी लूट
बरामद हुए असहला, कारतूस, जेवरात व लाखों की नकदी
- फोटो : अमर उजाला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरके भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लुटेरों ने 14 अक्तूबर को चौक क्षेत्र के आभूषण व्यवसायी के दो कर्मचारियों से 70 लाख, 50 हजार की लूट की थी। इस लूट की योजना इन्होंने पहले ही बना ली थी।
पुलिस को उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किया गया साथी आकाश सेठ व्यवसायी के यहां काम करता था। उसकी सूचना से बच्चू यादव, मन्नी सिंह उर्फ अनुराग सिंह, दीपू केसरी और इरफान के साथ रैकी करने के बाद मैदागिन से संदीप और अनिकेत ऑटो पर सवार हुए थी।
उसी आटो में आभूषण व्यवसायी के दो कर्मचारी भी सवार थे। उस आटो को भदऊ डाट पुल के नीचे रोकवा कर लूट की गई थी। इरफान घटना के बाद से ही फरार है तथा दीपू, बच्चू यादव तथा मन्नी उर्फ अनुराग सिंह आज मौके से भाग गये। लुटेरों ने बताया कि सिगरा क्षेत्र में आज बड़ी लूट करनी थी।