वाणिज्य कर विभाग और एसआईबी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को महमूरगंज-विरदोपुर में केमिकल फर्म के गोदाम पर छापा मारा। छापे के दौरान पता चला कि महरौली में फर्म के दो अघोषित गोदाम हैं। यहां पहुंची टीम ने गोदाम में 80 लाख का अवैध माल पकड़ा। अवैध माल पर 30.50 लाख का जुर्माना लगाया गया।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू मिथलेश कुमार शुक्ल ने बताया कि महमूरगंज के विरदोपुर में मेंथोल क्रिस्टल, ग्लिसरीन और एक अन्य केमिकल की खरीद बिक्री करने वाली फर्म और उसके महमूरगंज के ही रानीगंज स्थित व्यापार स्थल की जांच की गई। जांच पता चला कि व्यापारी का महरौली में दो अघोषित गोदाम है। उक्त दोनों गोदाम की जांच में करीब 80 लाख का मेंथोल, ग्लिसरीन आदि केमिकल पाया गया। एक गोदाम में करीब 72 लाख का ग्लिसरीन और दूसरे गोदाम में लगभग आठ लाख का मेंथोल क्रिस्टल पाया गया। मामले में उक्त फर्म पर 30.50 लाख का जुर्माना लगाया। जांच टीम में जॉइंट कमिश्नर एसबी सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर रणंजय यादव और प्रशांत कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र रमन शामिल थे।