Varanasi News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में भी तैयारियां चल रही हैं। इस दौरान बाल कलाकारों की भी मनोहारी प्रस्तुती की जाएगी। स्कूलों में भी बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर लोागें को आकर्षित कर दिया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शिव की नगरी काशी कान्हा के रंग में रंग जाएगी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में जन्मोत्सव का उल्लास मनाया जाएगा और काशीपुराधिपति के आंगन में लड्डू गोपाल का जन्म होगा। यह पहला मौका होगा जब बाबा के धाम में जन्मोत्सव का भव्य रूप में आयोजन किया जा रहा है।
विज्ञापन
26 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर शहर के सभी मंदिरों और घरों में होंगे। श्री काशी विश्वनाथ धाम में मुख्य आयोजन होगा।
विज्ञापन
धाम के मंदिर चौक में श्री लड्डू गोपाल के अभिषेक एवं जन्म अनुष्ठान का समारोह आयोजित किया जाएगा। जन्म उत्सव रात्रि में 11 बजे से शुरू होकर मध्यरात्रि तक अनवरत चलेगा। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं को अभिषेक प्रसाद, चरणामृत एवं प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
27 अगस्त को लड्डू गोपाल बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती में शामिल होंगे। मंगला आरती में आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान विश्वेश्वर के साथ ही लड्डू गोपाल के दर्शन का पुण्य मिलेगा। वहीं शहर में जन्माष्टमी के तीन दिवसीय आयोजन की शुरूआत रविवार को शोभायात्रा के साथ होगी।
हरेकृष्ण हरेराम संकीर्तन सोसायटी की ओर से अन्नपूर्णा नगर कालोनी से बालस्वरूप भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी छवि के साथ शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा सिगरा चौराह महमूरगंज होते हुए माहेश्वरी भवन पहुंचेगी।
इसके अलावा इस्कॉन मंदिर, मणि मंदिर, गोपाल मंदिर चौखंभा, जागेश्वर महादेव, सनातन गौड़ीय मठ, आदिकेशव, बिंदुमाधव, संकटमोचन मंदिर, दुर्गाकुंड समेत शहर के सभी मंदिरों में जन्मोत्सव की तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा है।