वाराणसी के बजरडीहा स्थित तेलियाना मोहल्ले में आर्थिक तंगी से परेशान दुकानदार श्यामसुंदर केशरी(43) ने सोमवार की सुबह दुकान के अंदर फंदे पर लटककर जान दे दी। पत्नी की सूचना पर पहुंची भेलूपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
श्यामसुंदर का दो मंजिला घर है। भूतल पर जनरल स्टोर्स की दुकान चलाने वाले श्यामसुंदर सुबह दुकान के अंदर रस्सी से पंखे से लटके हुए थे। बाहर से दुकान बंद होने और अंदर से पत्नी की आवाज पर श्याम सुंदर ने कोई जवाब नहीं दिया तो पत्नी नीचे आई। दुकान के अंदर फंदे पर श्यामसुंदर को लटका देख चीखने चिल्लाने लगी। आसपास के लोग मौके पर जुटे और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस के मुताबिक परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि लॉकडाउन के समय से ही दुकान बंद रहने से पूंजी खत्म हो गई थी। काफी कर्ज श्याम सुंदर पर चढ़ गया था। श्यामसुंदर ने कुछ रुपये पैसे ब्याज पर भी लिया था। इंस्पेक्टर भेलूपुर रमाकांत दुबे ने बताया कि आर्थिक परेशानी के चलते श्याम ने यह कदम उठाया। श्यामसुंदर के दो संतान हैं। पड़ोसियों के अनुसार पांच साल पहले भाई ने भी फंदा लगाकर जान दे दी थी।