क्राइस्टनगर स्थित श्री रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज परिसर में सीवर का पानी जमा होने से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। इस बारे में कॉलेज के प्रधानाचार्य ने उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की पर पानी की निकासी नहीं हो सकी है। ऐसे में छात्र पानी में घुसकर ही अंदर जाने को मजबूर है। इसके अलावा कॉलेज के पास सड़क पर डिवाइडर का काम होने से जो पानी का इस्तेमाल हो रहा है, वो भी कॉलेज परिसर में आ रहा है।
कॉलेजों में इन दिनों बोर्ड परीक्षा की तैयारियाें के साथ ही कक्षाएं भी चल रही हैं। फरवरी के पहले सप्ताह से प्रवेश पत्र का वितरण भी होना है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की भीड़ कॉलेज में लग रही है। महादेव इंटर कॉलेज में लंबे समय से सीवर का गंदा पानी जमा होने से उसमें दुर्गंध आ रही है।
प्रधानाचार्य महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए कॉलेज को केंद्र बनाया गया है, ऐसे में अगर समय से जल निकासी नहीं हुई तो परीक्षा के समय परेशानी और बढ़ जाएगी। इसकी शिकायत जिलाधिकारी के साथ ही संबंधित शिकायत पोर्टल पर भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी है।