वाराणसी। विज्ञान संकाय, बीएचयू के दो दिवसीय यूथ फेस्ट ‘आकांक्षा’ का आगाज सोमवार को स्वतंत्रता भवन में हुआ। युवा प्रतिभाओं ने नृत्य, अभिनय से मंच पर अपनी धाक जमाई। वहीं, सामाजिक मुद्दों को भी प्रभावी तरीके से उठाया।
समारोह की शुरुआत में मिमिक्री में प्रतिभागियों ने बालीवुड सितारों की नकल उतारकर खूब हंसाया तो मोनो एक्टिंग में अभिनय का दम दिखाया। हालांकि पहले दिन का मुख्य आकर्षण कोरियोग्राफी और ग्रुप डांस रहा। ग्रुप डांस में फ्यूजन और फिल्मी गीतों पर छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों पर
वाहवाही लूटी। कोरियोग्राफी में भी छात्रों की प्रतिभा देखने को मिली। शास्त्रीय नृत्य और वेस्टर्न डांस पर की प्रस्तुतियां पर भी दर्शक दीर्घा से खूब तालियां बटोरीं। इसके पूर्व समारोह का उद्घाटन करते हुए संकायाध्यक्ष प्रो. एके श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।