हादसे से सहमे बच्चे अभिभावकों से लिपट कर रोये
बस के पलटने के बाद उसमें सवार छोटे बच्चे सहमे हुए थे। ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला तो वह रो रहे थे। जब बच्चों के अभिभावक आए तो वह उनसे लिपट कर रोने लगे और बताने लगे कि हादसा कैसे हुआ। अभिभावकों का कहना था कि सावन के महीने में बाबा विश्वनाथ की कृपा से उनके बच्चे बाल-बाल बच गए।
बस सीज, वाहन मालिक को नोटिस जारी
अभिभावकों का कहना था कि स्कूल बस का ड्राइवर शराब के नशे में था। इसी वजह से हादसा हुआ है। बस पर न चालक का नाम लिखा है और न उसके ड्राइविंग लाइसेंस का जिक्र है और न संपर्क नंबर लिखा है। इससे स्पष्ट होता है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन गंभीर नहीं हैं।
हादसे की सूचना पाकर जांच के लिए आरटीओ की टीम कपसेठी थाने पहुंची। एआरटीओ प्रवर्तन श्यामलाल ने बताया कि ड्राइवर के पास ड्राइविंग लाइसेंस था। वाहन का परमिट खत्म हो गया था। इसलिए उसे सीज करा दिया गया है। वाहन मालिक को नोटिस जारी किया गया है।
उधर, सेवापुरी के खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर टीम जांच के लिए भेजी गई है। विद्यालय प्रबंधन की खामी या लापरवाही मिलेगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।