उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल वैन ट्रैक्टर से बचने के चक्कर में नहर में पलट गई। बस में एलकेज व यूकेजी के 27 बच्चे सवार थे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सभी को बचा लिया। घटना सुबह सुबह साढ़े आठ बजे महुगढ़ गांव के सामने घटी।
श्रीरामा इंटरनेशनल स्कूल, हरषण की स्कूल बस जब नहर में पलटी तो चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
स्कूल के प्रिंसिपल अनुपम शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया। मिर्जापुर डीएम विमल कुमार दुबे ने बच्चों को बचाने वालों को सम्मानित करने की घोषणा की है।
हलिया थाना क्षेत्र के हरषण गांव स्थित श्री रामा इंटरनेशनल स्कूल से संबद्ध मैक्स वैन बुधवार की सुबह गड़बड़ा गोकुल, इंद्रवार तथा महुगढ़ गांव के 27 बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे सुखरा नहर के मोड़ पर खड़े ट्रैक्टर से बचने के चक्कर में चालक ने संतुलन खो दिया और वैन नहर में पलट गई। हादसा होते ही चालक फरार हो गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। स्कूल के प्रबंधक रामाश्रय शुक्ल तथा प्रिंसिपल अनुपम शर्मा ने बताया कि मैक्स वाहन गड़बड़ा गोकुल निवासी शेरमनि गुप्ता का है। वह स्कूल से संबद्ध है। सितई नामक चालक वाहन चला चला रहा था। संभवत: उसकी लापरवाही से हादसा हुआ है।
वैन में गड़बड़ा गोकुल गांव से गौरव जायसवाल, सौरव जायसवाल, शौर्य जायसवाल, श्रेया जायसवाल, श्वेता कुमारी, कर्तव्य, अनुराग चौरसिया, इंद्रवार गांव से प्रशांत कुमार, सिद्धांत राय, सिद्धांत मिश्र, प्रहलाद, अर्पित कुमार, अनुराग राय, अभिषेक राय तथा अमदह गांव से कुल 27 बच्चे सवार थे।