केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार से काशी के व्यापारियों ने मुलाकात कर उन्हें नोटबंदी और जीएसटी से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए सुझाव के रूप में ज्ञापन दिया।
बुधवार को भाजपा महानगर की ओर से नागरी नाटक मंडली में आयोजित व्यापारी संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जीएसटी लागू होने के बाद समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष आरके चौधरी ने सुझाव में कहा कि इस समय बाजार में कैश सर्कुलेशन बढ़ाया जाना चाहिए।
बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए औद्योगिक पार्क बनाए जाएं।
जीएसटी की विसंगतियां दूर करने के बाद ही लागू किया जाए।
काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री राजकुमार शर्मा ने सुझाव दिया कि कैश लिमिट खत्म होनी चाहिए।
इसके अलावा 2000 के बजाय 500 के नए नोटों का सर्कुलेशन बढ़ाया जाए।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल ने नोटबंदी और जीएसटी सरलीकरण की मांग की।
वाराणसी नगर उद्योग व्यापार मंडल की ओर से व्यापारियों की समस्याओं का निदान तभी होगा जब व्यापारी आयोग का गठन होना चाहिए। नागरी नाटक मंडली में रखी सुझाव पेटिका में शहर के कई व्यापारी संगठनों की ओर से सुझाव डाले गए।
माना जा रहा है कि एक फरवरी को बजट लाने से पूर्व व्यापारियों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने व्यापारियों से कहा कि जीएसटी से संबंधित कोई भी सुझाव दिल्ली आकर 16 जनवरी के पहले दे दें। यदि इस समय नहीं दे पाए तो चुनाव बाद देंगेे। उन्होंने संकेत दिया कि एक अप्रैल से यदि जीएसटी लागू नहीं हो पाई तो आगे जल्द ही लागू होगी।