संत रविदास की जयंती की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। एक तरफ मेला क्षेत्र में तंबुओं का शहर सज गया है तो वहीं दूसरी तरफ सेवादारों के आने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। रेलवे की ओर से रैदासियों के लिए दो स्पेशल ट्रेन चलाने की अनुमति मिलने से श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है। हालांकि सीर में कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार ही तैयारियां चल रही हैं।
रविदास जयंती के अवसर पर दो स्पेशल ट्रेनों से रैदासी बनारस पहुंचेंगे। पहली ट्रेन 13 फरवरी को संत निरंजन दास और श्रद्धालुओं को लेकर पंजाब से बनारस रवाना होगी और 14 को पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन श्रद्धालुओं को 14 फरवरी को लेकर पंजाब से आएगी और 15 फरवरी को बनारस पहुंचेगी। जयंती के बाद पहली ट्रेन 17 को पंजाब रवाना हो जाएगी और दूसरी ट्रेन 18 फरवरी को रवाना होगी। मंदिर प्रबंधन के ट्रस्टी के एल सरोआ ने बताया कि संत निरंजन दास और मंदिर ट्रस्ट ने सरकार से दो ट्रेनों के संचालन की मांग सरकार से की थी। मांग पूरी होने पर रैदासियों में खुशी की लहर है।
श्रद्धालुआें के दान से चलती है बेगमपुरा
ट्रस्टी के एल सरोआ ने बताया कि स्पेशल ट्रेन के लिए लगभग 45 लाख का खर्च आया है जो श्रद्धालुओं के दान से चलता है। संत रविदास की जयंती और अपने गुरु के लिए भक्तों ने वर्ष 2000 से स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की थी जो अनवरत चल रही है। इन 22 साल में सिर्फ पिछली बार कोरोना के कारण ट्रेन नहीं आई थी।