तेज हवा और बारिश जैसे खराब मौसम में रोपवे की ट्रॉली कार अपने आप धीमी हो जाएगी। रोपवे का निर्माण इंटरनेशनल मानक एजेंसी सेंट्रल यूरोपियन नार्म्स (सीईएन) के मुताबिक हो रहा है। पहले चरण के पहले सेक्शन के इंस्टॉलेशन और रोप पुलिंग का कार्य विदेशी इंजीनियरों ने किया है। ट्रायल रन भी रोपवे निर्माण की एक्सपर्ट कंपनी के विशेषज्ञ कर रहे हैं।
नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) के अधिकारियों के मुताबिक सीईएन अंतरराष्ट्रीय संस्था रोपवे के निर्माण, इसके सुरक्षित संचालन और रख रखाव के लिए पूरी गाइड लाइन बनाती है। रोपवे के संचालन में इसके नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। बोलीविया की प्रशासनिक राजधानी लापाज और मेक्सिको के बाद काशी विश्व का तीसरा शहर होगा, जहां पर्यटक अर्बन ट्रांसपोर्ट के लिए पहली वार रोपवे से यात्रा कर सकेंगे।
इसे भी पढ़ें; Kashi Vishwanath Dham: जनवरी में काशी विश्वनाथ के सुगम दर्शन के 60% स्लॉट हुए फुल, माघ मेले को लेकर बुकिंग तेज
सरकार काशी के यातायात को रफ्तार देने के लिए फ्लाईओवर, रिंग रोड, सड़कों का चौड़ीकरण, पार्किंग स्थल जैसे सभी जतन कर रही है। इसी कड़ी में अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे का निर्माण भी है। जिसमें संचालन और सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
रोपवे का निर्माण स्विट्जरलैंड की कंपनी वर्थोलेट कर रही है। प्रथम चरण के पहले सेक्शन में कैंट रेलवे स्टेशन से रथयात्रा तक स्विस इंजीनियरों ने वाराणसी में रहकर रोपवे को इंस्टॉल किया है। ऑस्ट्रिया की एक्सपर्ट कंपनी रोप एक्सपर्ट्स के इंजीनियरों ने रोप पुलिंग का कार्य किया है।