बलिया के सुरेमनपुर स्टेशन के पास शनिवार रात छह-सात डाकुओं ने डाउन सारनाथ एक्सप्रेस के एस-11 एवं एस-12 बोगी में डाका डाला। विरोध करने पर हथियारों की बटों से पीटकर चार यात्रियों को घायल कर दिया।
छपरा जंक्शन पर ट्रेन पहुंचने के बाद यात्रियों ने रेलवे पुलिस को जानकारी दी। छपरा जीआरपी थानाध्यक्ष सुमन प्रसाद ने सभी घायलों को जिला अस्पताल छपरा में भर्ती कराया। डकैती के बाद भी ट्रेन में तैनात सिपाही पीड़ितों तक नहीं पहुंचे।
डाउन सारनाथ एक्सप्रेस दुर्ग से चलकर छपरा को जा रही थी। जैसे ही ट्रेन रेवती स्टेशन पर रुकी, वैसे ही छह-सात डकैत एस-11 और एस-12 बोगी में चढ़ गए। सुरेमनपुर स्टेेशन के समीप ट्रेन के पहुंचने पर उन्होंने यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी।
विरोध करने पर चार यात्रियों को हथियारों की बटों से पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान सारण जिले के किशनपुर थाने के साहवा नवादा निवासी धर्मेंद्र सिंह (28), नगर थाना क्षेत्र के रावल टोला के संतोष चंद दास (52 ) और दाऊदपुर थाने के कोहरा बाजार निवासी रोहित कुमार (20 ), गोपालगंज निवासी बागेश्वर तिवारी का पुत्र दीपू कुमार तिवारी घायल हो गया।