बदमाशों ने औरत की आवाज निकालकर दरवाजा खुलवाया था
- फोटो : demo
वाराणसी के एक गांव के घर में सोमवार अहले सुबह दस्तक हुई। आवाज महिला की थी। दरवाजा खुलते ही कच्छा पहने चेहरे पर कालिख पोते तीन बदमाशों ने धावा बोल दिया। लोग जबतक कुछ समझ पाते तब तक सास और बहू को चाकू से वार कर घायल कर दिया। घटना रोहनिया क्षेत्र के मुंगवार गांव की है।
किसान प्यारेलाल यादव के मकान में सोमवार की भोर कच्छा पहने चेहरे पर कालिख पोते तीन बदमाशों ने धावा बोल दिया। प्यारेलाल की बहू बसंती से अलमारी और घर की चाबी लेने में असफल बदमाशों ने चाकू से वारकर उसे घायल कर दिया।
बीचबचाव करने आई सास दुर्गावती देवी को भी बदमाशों ने जख्मी कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश भाग गए। प्यारेलाल के बेटे रमेश की तहरीर पर रोहनिया थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का प्रयास सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चर्चा रही कि बदमाश कच्छा-बनियान गिरोह के थे।
मुंगवार में प्यारेलाल यादव का खपरैल का मकान है। उनकी बहू बसंती देवी ने बताया कि भोर में साढ़े तीन बजे के लगभग दरवाजा खटखटाते हुए औरत की आवाज में बाहर से किसी ने कहा कि बच्चे को अपने पास सुला लो।
उसे लगा कि शायद जेठानी मनीषा अपने बेटे दिनेश को सुलाने के लिए कह रही हैं तो उसने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खोली तो सामने कच्छा पहने और चेहरे पर कालिख पोते तीन लोग खड़े थे। तीनों में से एक ने बसंती के गले पर चाकू सटा दिया। घर और अलमारी की चाबी मांगने लगा।
प्रतिरोध किया तो बदमाशों ने बसंती को मारापीटा। चाकू से घायल कर दिया। बसंती का शोर सुनकर सास दुर्गावती भागकर आईं तो बदमाशों ने उसे भी घायल कर दिया। सास-बहू का शोर सुनकर घर के लोगों के साथ ही पड़ोसी भागकर आए। इसी बीच बदमाश भाग गए।
100 नंबर पर सूचना दी गई। वहां पहुंची पुलिस ने सास और बहू को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर रोहनिया ने बताया कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगा कि बदमाश कच्छा-बनियान गिरोह के हैं।