एसपी डॉ. ओम प्रकाश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस टीम ने प्रभारी अजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस लाइन में खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इसके तहत एक-एक वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के छह बाइक मिली, जिनका चालान किया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों को चेताया गया कि अगर बिना नंबर प्लेट बाइक चलाई या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी अजय सिंह कसाना ने बताया कि बिना नंबर प्लेट की बाइक के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिसकर्मियों के बिना नंबर प्लेट बाइक के चालान से ही अभियान की शुरूआत की गई है। सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान 28 जुलाई तक चलाया जाएगा।
यातायात विभाग के आंकड़े के अनुसार, एक से 23 जुलाई तक 2787 वाहनों का चालान किया गया है। कोरोना संक्रमण काल के दौरान सरकार की गाइडलाइन का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई और दो लाख 83 हजार का शुल्क वसूला गया। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर 13 हजार वाहनों का चालान किया गया है। यातायात प्रभारी ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को जागरूक करना और यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।