अहरौला के राजाराम नगर में बस से दुर्घटना के बाद सड़क जाम करते ग्रामीण।
- फोटो : AZAMGARH
अहरौला/फूलपुर। अहरौला थाना क्षेत्र के राजारामनगर में शुक्रवार को अनियंत्रित बस की टक्कर से पैदल जा रहा युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया और आक्रोशित लोगों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर सड़क जाम कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम फूलपुर मेवालाल कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। सीओ के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
घायल युवक अनिल कन्नौजिया (22) पुत्र राजमन मोलनापुर गांव का निवासी है। अनिल शुक्रवार को दिन में करीब दो बजे पैदल बाजार जा रहा था। राजारामनगर के पास उधर से गुजरी अनियंत्रित बस से टक्कर लगने से वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी फुलपुर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर बनी हुई है। इधर घटना के बास बस छोड़कर चालक फरार हो गया। बस में सवार यात्री भी नीचे उतर गए। घटना से आक्रोशित क्षेत्र के लोगों ने बस में जमकर तोड़फोड़ कर माहुल-अहरौला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। हंगामा होने पर राजारामनगर बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। लोग बस चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। मुख्य मार्ग पर जाम लग जाने से दोनों तरफ वाहनों का लंबा काफिला लग गया। इसमें कई स्कूल के वाहन भी शामिल हैं। जाम लगने की सूचना पर एसडीएम फूलपुर मेवालाल, सीओ बूढ़नपुर रामजनम कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। एसडीएम के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। एसडीएम ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।