कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए वाराणसी में मची आक्सीजन की किल्लत काफी हद तक खत्म हो गई है। आक्सीजन एक्सप्रेस पहुंचने के बाद ऑक्सीजन की किल्लत से जूझ रहे शहर को जल्द ही राहत मिल जाएगी। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा की पहल पर बोकारो स्थित ऑक्सीजन प्लांट से एक टैंकर लिक्विड ऑक्सीजन की पहली खेप बृहस्पतिवार देर रात वाराणसी के रामनगर पहुंची। वहीं रात से ही कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू कराई गई।
ऑक्सीजन की खेप में कोई बाधा नहीं आए, इसके लिए डीएम के साथ ही पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश भी फोर्स के साथ ऑक्सीजन टैंकर की निगरानी में लगे रहे। बीच रास्ते में संबंधित थानों की पुलिस ऑक्सीजन टैंकर को पास कराने में लगी रही। यही वजह रहा कि 12 घंटे में ही ऑक्सीजन टैंकर बोकारो से वाराणसी पहुंच सका। रामनगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में मेडिटेक प्लांट बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे बंद हो जाने के बाद ऑक्सीजन की सप्लाई थम गई थी।