फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की खास खबरें: करंट ने ली अधेड़ की जान, सीडीओ ने मनाया कन्या जन्मोत्सव

Sun, 06 Oct 2024 07:07 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में रविवार को छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। इसी क्रम में जिले के चोलापुर थानांतर्गत उदयपुर गांव में खेत में करंट लगने से अधेड़ की मौत हो गई। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय में एक सप्ताह में जन्मीं 14 कन्याओं के परिवार के साथ सीडीओ ने कन्या जन्मोत्सव मनाया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चोलापुर के चंदापुर चौकी अंतर्गत उदयपुर गांव में खेत में लगे तार की चपेट में उतर रहे करंट की चपेट में आने निदौरा उदयपुर निवासी पोल्हावन पटेल (52) पुत्र कतवारू की मौत हो गई। रविवार की सुबह पांच बजे वह रोज की भांति टहलने के लिए निकले थे।

विज्ञापन


पोल्हावन के पुत्र दीपनारायन का आरोप है कि उनके घर के पास ही संजय पटेल का खेत है, जिसमें छुट्टा पशुओ से बचाव के लिए तार से घेराबंदी कर झटका मशीन से विद्युत करंट प्रवाहित किया जाता है। खेत के किनारे से जाते समय पोल्हावन तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। 

पोल्हावन पैरालाइसिस से पीड़ित थे। इनको पूर्व में इस बीमारी के दो तीन झटके आ चुके थे। वहीं, हार्टअटैक से मौत की भी चर्चा हो रही थी। थाना प्रभारी चोलापुर ईश्वर दयाल दुबे ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन


रिंग रोड पर स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा कर पलटी
मिर्जामुराद के रखौना गांव में रिंग रोड पर रविवार की भोर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में बिहार से विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहे छह लोग घायल हो गए। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए हॉस्पिटल भिजवाया।

घायलों में बिहार के जमुई जिले के रिसीडीह, सिकंदरा निवासी जितेंद्र यादव, गोपाल कुमार और मनीष कुमार ने बताया कि वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ विंध्याचल दर्शन करने जा रहे थे। उधर, हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन मंगवा कर क्षतिग्रस्त स्कार्पियो को रिंग रोड से किनारे कराया। 

सितंबर में 41 कंपनियों ने आईपीओ के लिए दस्तावेज जमा किए
सितंबर में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) गतिविधियों में काफी तेजी रही है। एक्सिस कैपिटल की एक रिपोर्ट के अनुसार एक्सिस बैंक, कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास 41 कंपनियों की सूची आई है। दस्तावेज जमा करने में एनटीपीसी ग्रीन, हेक्सावेयर टेक्नालॉजी, विक्रम सोलर, आदित्य कैपिटल जैसी कंपनियां प्रमुख हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, इस समय सेबी के पास 67 कंपनियों ने आइपीओ दस्तावेज जमा किए हैं, जिनको अंतिम मंजूरी का इंतजार हैं। 2024 में अब तक 239 मेनबोर्ड और एसएमएई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध हुए हैं। आईपीओ की इस लहर का खुदरा निवेशकों को लाभ मिला है। सेबी ने कहा है कि इस पर 24 प्रतिशत रिर्टन मिला है।

सीडीओ ने 14 नवजात कन्याओं के परिवार संग मनाया कन्या जन्मोत्सव
मिशन शक्ति फेज- 5 के तहत चल रहे विशेष अभियान में रविवार को दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय में इस सप्ताह जन्मीं 14 कन्याओं के परिवार के साथ सीडीओ हिमांशु नागपाल ने जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान उन्होंने बेबी किट दी।



सीडीओ ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सीएमएस से कहा कि अस्पताल में जन्मीं कन्याओं का इस योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराएं। सीडीओ ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ स्कीम के तहत प्रदेश सरकार की ओर से कन्याओं के लिए यह योजना चलाई जा रही है। 

योजना से जुड़ी कन्याओं को 5000 रुपये पहले चरण में मिलेंगे। कुल 6 चरणों में इन्हें 25000 रुपये दिए जाएंगे। इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय के सीएमएस, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पांडेय, डॉ. प्रेम प्रकाश एवं डॉ. सुरेंद्र शाही आदि मौजूद रहे।

मुंबई जिलास्तरीय कुश्ती में आदर्श ने जीता स्वर्ण पदक
मुंबई में खेली गई जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में वाराणसी के जगतगंज निवासी आदर्श यादव ने स्वर्ण पदक जीता है। आदर्श ने यह सफलता सब जूनियर अंडर-14 आयुवर्ग में हासिल की है। आदर्श के पिता कन्हैयालाल यादव भी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी हैं। कन्हैयालल 2007 कनाडा में खेली गई राष्ट्रमंडल खेलों स्वर्ण पदक जीता था। आदर्श यादव ने 2023 से खेलना शुरू किया यह उसकी वर्ष का पहली प्रतियोगिता है। जिसमें उसने स्वर्ण पदक जीत मंडल के लिए क्वालिफाई किया है।

दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय दिव्यांग दलित युवती को खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर फूलपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी असवारी कुंआर बाजार निवासी सूरज पटेल को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी पैर से दिव्यांग है। मानसिक रूप से भी वह स्वस्थ नहीं रहती है। गत शुक्रवार की रात लगभग 10:30 बजे उसकी बेटी घर से बाहर टॉयलेट में गई थी। उसी दौरान शराब के नशे में धुत सूरज पटेल उसे घसीटते हुए खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। बेटी ने शोर मचाया तो उसका मुंह दबा दिया। सूरज के जाने के बाद उसकी बेटी रोते हुए घर आई और आपबीती सुनाई।

25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
मच्छरहट्टा वार्ड निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश आफताब अहमद को रामनगर थाने की पुलिस ने रविवार को टेंगरा मोड़ से गिरफ्तार किया। रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण के आरोप में आफताब के खिलाफ 16 मई 2024 को मुकदमा दर्ज किया गया था। सर्विलांस की मदद से मुंबई में पुलिस आफताब के ठिकाने पर पहुंची तो वह भाग गया और किशोरी बरामद हो गई। किशोरी को बनारस लाया गया तो आफताब भी आ गया। रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बस की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध घायल
रोहनिया बाजार में रोडवेज की अनुबंधित बस की टक्कर से साइकिल सवार राजातालाब निवासी बुजुर्ग अरुण उपाध्याय घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद बस लेकर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ कर रोहनिया थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बस को भी कब्जे में ले लिया।

दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित भिखारीपुर निवासी मनीष कुमार यादव को मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर गत चार अक्तूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता के अनुसार मनीष अपने एक साथी के साथ शराब पीकर उसके घर में घुसा और उसके साथ गलत हरकत की। वह शोर मचाने लगी तो दोनों भाग निकले। इसके बाद मनीष ने फोन कर उसे धमकी दी।

छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
घर में घुसकर छेड़खानी करने के आरोपी को जंसा पुलिस ने रविवार को भतसार गांव से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान भतसार निवासी राजू चौहान के रूप में हुई है। 

मिंट हाउस पर पिटाई के मामले में मुकदमा दर्ज
नदेसर मिंट हाउस चौराहे पर तीन दिन पूर्व पिटाई के मामले में पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। भेलूपुर के खोजवा छित्तूपुर निवासी पीड़ित अभिषेक के अनुसार पूर्व में एक मुकदमे के मामले में समझौता करने के मामले में कुणाल सिंह ने साथियों के साथ पिटाई की।

दरोगा का वीडियो वायरल करने वाले दुकानदार का काटा गया चालान
फूलपुर थाने पर तैनात दरोगा के दबंगई सीसीटीवी फुटेज वायरल करने वाले दुकानदार का पुलिस ने जुर्माना काट दिया। वहीं, आरोप है कि दरोगा ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी है। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने रविवार को इंस्पेक्टर से मुलाकात कर दरोगा को हटाने और कार्रवाई की मांग की।

गुरुवार को पिकअप वाहन चालक की सरेराह दरोगा ने पिटाई कर दी। इसका सीसीटीवी फुटेज दुकानदार व सपा नेता गुड्डू राजभर ने वायरल करते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों को एक्स पर ट्वीट कर दिया। इससे खफा दरोगा ने दुकानदार को अतिक्रमण करने मामले में जुर्माना काट दिया। फूलपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल सपालू, देवेंद्र चौरसिया, रमेश, सोनू सेठ, सुनील पटेल अन्य व्यापारियों ने इंस्पेक्टर से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।

तीन घरों में 20 लाख से अधिक की हुई चोरी
पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के उसरा शहीद पाही पर शनिवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। पीड़ितों के अनुसार कीमती आभूषण और डेढ़ लाख नकदी चोरी हुई है। दिनेश यादव के अनुसार छत के सहारे और रोशनदान तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने लगभग 10 लाख के आभूषण और एक लाख 42 हजार नकदी समेट लिया।

चचेरे भाई राजनारायण यादव ने बताया कि उसके कमरे की अलमारी तोड़कर आभूषण चोरी किया गया। पड़ोसी अधिवक्ता अर्पित पटेल ने बताया कि आलमारी तोड़कर चोरों ने 10 लाख के आभूषण पर हाथ साफ किया। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

कटका हादसे में घायल युवक घर पहुंचा तो हालत बिगड़ी
कटका गांव के पास सड़क हादसे में घायल हुआ आकाश बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से रविवार को रामसिंहपुर ग्राम पंचायत के बीरबलपुर स्थित घर पहुंचा तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसकी सूचना पाकर सीएमओ ने मेडिकल टीम बीरबलपुर बस्ती भेजी। सीएचसी आराजी लाइन के डॉ. आईबी सिंह के नेतृत्व में पहुंची मेडिकल टीम ने आकाश का प्राथमिक उपचार किया।

इसके बाद उसे सीएचसी आराजी लाइन ले जाकर भर्ती कर लिया। मिर्जापुर जिले के कटका गांव के समीप गत शुक्रवार की आधी रात बाद हुए हादसे में बीरबलपुर बस्ती के 10 लोगों की मौत हो गई थी और चार लोग घायल हुए थे।

29 नवंबर तक चलेगी फेस्टिवल स्पेशल
09067/09068 उधना-बरौनी साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन का संचालन 10 अक्तूबर से 29 नवंबर तक किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 09067 उधना-बरौनी बृहस्पतिवार को उधना से सुबह 5.30 बजे खुलकर दूसरे दिन बनारस स्टेशन पर सुबह 10.55 बजे, वाराणसी से 11.20 बजे होकर रात में 10.15 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 09068 बरौनी-उधना प्रत्येक शुक्रवार को बरौनी से रात 11.45 बजे छूटेगी और दूसरे दिन सुबह 10.50 बजे कैंट, बनारस से 11.15 बजे होकर तीसरे दिन उधना दोपहर 2.30 बजे पहुंचेगी।

दानापुर में दो मिनट रुकेगी जनशताब्दी
ट्रेन संख्या 15125/15126 बनारस-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस का दानापुर स्टेशन पर 1 से 16 अक्तूबर तक दो मिनट का अस्थायी ठहराव होगा। वहीं, बनारस-गाजियाबाद पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन आठ अक्तूबर से 27 नवंबर तक निरस्त कर दिया गया है। ऑपरेशनल कारणों के चलते 05047/05048 यह ट्रेन सेवा निरस्त कर दी गई है।

मारवाड़ी समाज ने मेधा का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह
मारवाड़ी समाज की ओर से रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर युवा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इसमें कक्षा 10 एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 54 छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। इसके साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने वाले मेधावी भी सम्मानित किए गए।

समारोह के अंतर्गत प्रोफेशनल डिग्री प्राप्त करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया। समारोह में 54 प्रतिभाशाली युवाओं के साथ-साथ उनके माता-पिता का भी अंगवस्त्रम, 50 ग्राम चांदी का सिक्का, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि मेयर अशोक तिवारी ने कहा कि युवा पीढ़ी में असीम ऊर्जा और संभावनाएं हैं। देश और समाज के बेहतर भविष्य के लिए योग्य युवाओं का आगे आना अत्यंत आवश्यक है।

संस्था के संरक्षक मंडल के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी, मंत्री उमाशंकर अग्रवाल, दीपक बजाज, संस्था के अध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान व प्रधानमंत्री मनोज जाजोदिया आदि मौजूद रहे। संचालन मनीष लोहिया ने की। अध्यक्षता प्रदीप तुलस्यान ने की। प्रधानमंत्री मनोज जाजोदिया ने कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम सलाहकार अनिल जाजोदिया, सुभाष चंद्र बांग्ला, जगदीश झुनझुनवाला, सुरेश तुलस्यान, हेमदेव अग्रवाल, राम बूबना, पवन अग्रवाल, कृष्ण कुमार खेमका ने सहयोग किया। धन्यवाद ज्ञापन हेमदेव अग्रवाल ने किया।

बटुक भैरव एवं अपना घर आश्रम में बांटा गया भोजन
बटुक भैरव मंदिर कमच्छा और सामनेघाट स्थित अपना घर आश्रम में लायंस क्लब काशी की ओर से भोजन वितरित किया गया। बटुक भैरव मंदिर के महंत भास्कर पुरी को क्लब के अध्यक्ष असीम वर्मा ने अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। इसके बाद सामनेघाट स्थित अपना घर आश्रम में प्रभुजनों में भोजन और फल वितरित किया गया।

मुख्य अतिथि संजय बरनवाल व अनिल वर्मा और विशिष्ट अतिथि पीयूष वर्मा व पंकज मौर्या रहे। स्वागत बीपी श्रीवास्तव और अलंकार कुशवाहा ने किया। इस दौरान प्रमोद सिंह, अभिषेक कुमार, सतीश वर्मा, पंकज मौर्या, अजय अग्रवाल, कुलदीप चौबे, अरविंद कुमार आदि रहे।

हिंदू सेवा सदन में 500 रुपये में डायलिसिस
अब हिंदू सेवा सदन अस्पताल में भी डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। मरीज 500 रुपये में अपनी डायलिसिस करवा सकेंगे। रविवार को इनरव्हील क्लब की एसोसिएशन प्रेसिडेंट सुनीता जैन ने सुविधा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गृहणियों के प्रयास से शुरू हुई सेवा के बाद चार और यूनिट को खोले जाने का प्रयास किया जाएगा। अस्पताल के प्रबंधक राजेंद्र मोहन शाह ने डायलिसिस यूनिट के संचालन में सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार जताया। शासक मंडल के अध्यक्ष डॉ. बैजनाथ प्रसाद ने कहा कि 89 साल पुराने अस्पताल को चिकित्सकों, सहयोगियों ने गौरवशाली बनाया है।

सीवर ओवरफ्लो से खफा लोगों ने चांदमारी पर किया चार घंटे का चक्काजाम
सीवर ओवरफ्लो होने से नाराज लोगों ने रविवार को सुबह आठ बजे चांदमारी में चक्काजाम किया। इससे चार घंटे तक भोजूबीर-सिंधोरा मार्ग पर आवागमन ठप रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

पार्षद पति ज्ञान चंद पटेल के नेतृत्व में लोगों ने नगर निगम, जलकल एवं पीडब्लूडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्षद पति ने कहा कि शिकायत करते करते हम लोग थक गए हैं, सुनवाई नहीं हो रही है। कोर्ट में मुकदमा भी किया गया। कोर्ट ने जलकल विभाग, पीडब्ल्यूडी एवं नगर निगम के ऊपर एक एक लाख का जुर्माना भी लगाया था।

सड़क एवं सीवर को ठीक करने का आदेश दिया था। कोर्ट का आदेश भी अधिकारी नहीं सुन रहे हैं। मेन सीवर लाइन को रिंग रोड तक बनाने की मांग की। मौके पर पहुंचे एडीएम सिटी आलोक वर्मा और एसीपी बिदुष सक्सेना ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में समस्या दूर हो जाएगी। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। प्रदर्शन करने वालों में नरेंद्र, अशोक, विनय, विजय, राकेश, मिथिलेश, अवधेश आदि शामिल रहे।

बड़ागांव में सुरक्षा गार्ड भर्ती शिविर सोमवार को
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय वाराणसी की ओर से सोमवार को विकास खंड बड़ागांव में बेरोजगार अभ्यर्थियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने के लिए बहुराष्ट्रीय स्तर की कंपनी ब्लॉक स्तर पर प्रतिष्ठित संस्थानों में सुरक्षा गार्ड की भर्ती के लिए विशेष अभियान चलाएगी। रोजगार मेला प्रभाारी दीप सिंह ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में रोजगार शिविर लगाया जाएगा, जिसमें सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर व ऑफिसर ग्रेड की नियुक्तियां की जाएंगी। 

आराजी लाइन में 8 अक्तूूबर, चिरईगांव में 9 अक्तूबर, चोलापुुर में 10 अक्तूबर, काशी विद्यापीठ में 16 अक्तूबर, हरहुआ में 17 अक्तूबर, सेवापुरी में 18 अक्तूबर और पिंडरा में 19 अक्तूबर को शिविर का आयोजन किया जाएगा।

आईटीआई की सभी ट्रेड की कक्षाएं आज से होंगी शुरू
आईटीआई में सभी ट्रेड की कक्षाएं सोमवार से शुरू हो जाएंगी। जिन कोर्स में नामांकन फुल हो गए थे, उनकी कक्षाएं पहले से चल रहीं हैं। वहीं अन्य ट्रेड जिनमें सीटें नहीं भर पाईं थीं, उनकी कक्षाएं नहीं चल रही थीं। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने देरी से प्रवेश लिया है, उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाई जाएंगी।

आईआईटी बीएचयू के दीक्षांत में पीएम मोदी को चीफ गेस्ट बनाने की तैयारी
आईआईटी-बीएचयू के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्य अतिथि बनाने की योजना चल रही है। 28 अक्तूबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री को संस्थान में आने का आमंत्रण भेजा जाएगा। इससे पहले पीएम मोदी आठ साल पहले बीएचयू के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आए थे।

सूत्रों की मानें तो, अभी तक दीक्षांत कमेटियों की बैठक नहीं हुई है। लेकिन, 16 अक्तूबर तक मेहमानों, उपाधियों और मेडलिस्टों के नाम तय करना है। वहीं, दीक्षांत समारोह के 22 दिन बाकी हैं। सोमवार से इसकी तैयारियां तेज कर दी जाएंगी। पिछले साल आईआईटी बीएचयू के 12वें दीक्षांत समारोह में 67 छात्र और छात्राओं को गोल्ड मेडल दिए गए थे। वहीं, 1600 से ज्यादा उपाधियां बंटी थी। सबसे ज्यादा 954 बीटेक होल्डर थे। इस बार भी मेडलिस्ट और उपाधियों की इतनी ही संख्या रहने वाली है।

बेरोजागार युवा रोजगार संगम पर करा लें पंजीकरण
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आठ अक्तूबर को सुबह 11 बजे से चौकाघाट वाराणसी में रोजगार मेले का आयोजन होगा। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पर पंजीकरण कराना होगा। रोजगार मेले में आठ कंपनियां आएंगी। इसमें इंटरमीडिएट, स्नातक, आई.टी.आई., होटल मैनेजमेंट में उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

सीबीएसई की राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट में खेलेंगे 3500 खिलाड़ी
सीबीएसई की राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उद्घाटन रविवार शाम कोईराजपुर स्थित संत अतुलानंद काॅन्वेंट स्कूल में हुआ। राष्ट्रीय प्रतियोगिता छह से 10 अक्तूबर तक लालपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में खेली जाएगी। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एनडीआरएफ कमांडेंट मनोज शर्मा ने कहा कि खेल में टीम भावना सांगठनिक शक्ति और मानवता की पोषक है।

राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट में 26 क्लस्टर के 3500 खिलाड़ी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें भारत के बीस क्लस्टर जबकि अरब देशों (ओमान, कतर, अरब देश, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन तथा कुवैत) के खिलाड़ी प्रतियोगिता में खेलेंगे। इस मौके पर पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, डाॅ अशोक सिंह मौजूद रहे। 

जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में गंदा पानी देख मरीज, नोंकझोंक
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में गंदा पानी देख मरीज और उनके परिजन नाराज हो गए। इसको लेकर सफाई कर्मी और परिजनों में नोंकझोंक भी हुआ। परिजनों ने बताया कि शौचालय में सफाई के दौरान महिला सफाई कर्मी ने लापरवाही बरती है। इस वजह से गंदा पानी वार्ड में आ गया। इस बारे में पूछने पर सफाई कर्मी ने संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि मामले में सुपरवाइजर अनिल कुमार से जवाब मांगा गया है। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते रहने को कहा गया है।

कांग्रेस के मोहन प्रकाश ने बीएचयू के निलंबन का किया विरोध
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश ने बीएचयू के 13 छात्रों के निलंबन का विरोध किया है। अस्सी स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने कहा कि ये फैसला महामना की आत्मा को ठेस पहुंचाने जैसा है। इसे वापस वापस लिया जाना चाहिए। कोई भरोसा नहीं कर सकता कि बीएचयू एग्जीक्यूटिव काउंसिल तीन साल से चल रही है। ईसी के बजाय एडवाइजर बनाकर काम किया जा रहा है। उनका कोई शैक्षणिक बैक ग्राउंड नहीं है। वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता और सह चुनाव प्रभारी भी हैं।

फोन पर तीन बार तलाक कहा और तोड़ लिया नाता
दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर चौहट्टा ला खां की रहने वाली तस्कीन को उसके पति ने फोन पर तीन बार तलाक कहा। इसके बाद तस्कीन से नाता तोड़ लिया। तस्कीन के प्रार्थना पत्र पर पुलिस आयुक्त के आदेश से आदमपुर थाने में उसके पति अयोध्या जिले के राठहवेली के मोहम्मद ताहिर मेहंदी, ननद निगार फातिमा उर्फ लल्ली, जेठ लाल व चांद और देवर अतहर मेहंदी व हैदर मेहंदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

तस्कीन ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह सात अगस्त 2014 को मोहम्मद ताहिर मेहंदी के साथ हुआ था। ससुराल जाने पर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। देवर उसके साथ बदसलूकी भी करते थे। 14 मई 2023 को तस्कीन से मायके से दो लाख रुपये मंगवाने के लिए कहा गया। 15 मई 2023 को उसके जेठ लाल व चांद ने बच्चों के साथ गाड़ी में बैठा कर उसे मायके पहुंचा दिया।

लंबे समय तक वह इंतजार करती रही कि उसे पति ससुराल लेकर जाएगा। 10 अगस्त 2024 को पति को फोन करने पर उसने गालीगलौज किया। इसके तीन बार कहा कि तलाक देता हूं और फिर फोन काट दिया। इस तरह से उसके पति ने एक झटके में तीन बार तलाक कह कर उससे नाता तोड़ लिया।

माता के पूजन के बाद महिलाओं ने किया पांच ताली रास
उत्तर क्षेत्र बाज खेड़ावाल गुजराती समाज की ओर से रविवार को सामूहिक गरबे का आयोजन हुआ। माता का पुजन यजमान हरीश पंड्या के परिवार से समाज के पुरोहित अनंत मौनी ने कराया। माता के पूजन के उपरांत समाज की महिलाओं ने पारंपरिक पांच ताली रास किया गया। विविध रंगों के परिधान में महिलाएं, युवतियां एवं युवक गुजराती गानों पर थिरकते रहे।

वातावरण में गुजराती गानों की धुन और हाथों में डांडिया स्टिक लिए ताल के साथ महिलाएं, युवतियां एवं युवा गीतों के साथ ताल मिला रहे थे। संयोजन राज कृष्ण मेहता ने किया। इस दौरान जागृति सेलट, गौरी शुक्ला, शिखा पंड्या,सचिन पंड्या, विजया दवे, रविश पंड्या, अंकुर ठाकर ने सहयोग किया। संचालन ऋषि कांत भट्ट व संदीप पंड्या ने किया।

जरूरतमंद छात्रों में बांटा स्कूल बैग, अध्ययन सामग्री
बरेका परिसर में रविवार को आयोजित कार्यकम में पूर्वांचल एक यात्रा ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंद छात्रों में स्कूल बैग, अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। नवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजत कार्यक्रम में छात्रों के साथ ही उनके परिवारीजनों ने भी भागीदारी की। इस दौरान सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी करवाई गई। विजेताओं को बरेका के पीआरओ राजेश कुमार के साथ ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रवेश पटेल सहित अन्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया। इस दौरान राखी रानी, स्नेहा उपाध्याय, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, करुणा सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

पंडालों में पहुंचने लगीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं, षष्ठी से शुरू होगा अनुष्ठान
शहर में दूसरे पंडालों के निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है। रविवार को देर रात तक पंडालों में प्रतिमाओं का आने का सिलसिला जारी रहा। बंगाली समुदाय भी दुर्गा पूजा की तैयारियों में जुट गया है और षष्ठी से प्रतिमाओं का पूजन भी शुरू हो जाएगा। शहर से गांव तक पंडालों में प्रतिमाएं पहुंचने लगी हैं।

रविवार को नवरात्र की चतुर्थी पर मछोदरी, दारानगर, नवापुरा, सुड़िया और टाउनहाल के पूजा पंडालों में सुबह से ही मां दुर्गा की प्रतिमा देखने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूजा पंडाल का परिसर दुर्गा सप्तशती के मंत्रों और माता की आरती से गुंजायमान हो रहा था। रात्रि में कहीं सांस्कृतिक आयोजन तो कहीं भगवान राम की कथा का आयोजन भी नियमित रूप से हो रहा है।

जगतगंज, हथुआमार्केट, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, अर्दली बाजार सहित कई इलाकों में पंडालों को सजाने काम तेजी से चल रहा है। रात में लाइट टेस्टिंग के साथ ही बिजली की सजावट अंतिम दौर में चल रही है।

हर्ष की कॉमेडी नाइट में डेढ़ घंटे तक गूंजते रहे ठहाके
रॉयल राउंडटेबल 218 और रॉयल लेडिज सर्कल 131की ओर से रविवार को बरेका में कॉमेडी नाइट का आयोजन हुआ। बरेका का सिनेमा कॉम्प्लेक्स हास्य अभिनेता हर्ष गुजराल के मजाकिया वन लाइनर्स और जोक्स पर 90 मिनट तक अनवरत ठहाकों से गूंजता रहा।

रविवार को आयोजित कॉमेडी नाइट ने बनारसियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि बनारस वाले गाड़ी पीछे से ठोंककर आगे से कहते हैं दिखाई नहीं देता है। इससे आगे बढ़ते हुए हर्ष ने कहा कि बनारस की ऑडियंस की आंखों में साफ दिखता है...भाड़ में जाए आर्टिस्ट तो पूरा हाल ठहाकों से गूंजने लगा। इसके बाद हर्ष ने कहा कि दिल्ली में डिग्री के लिए कॉलेज जाना पड़ता है, यहां यूपी में डिग्री खुद घर चल कर आती है। मुख्य आयोजक अनुज पोद्दार ने कहा हर्ष गुजराल का स्वागत किया।

ला देखा कीचड़ में या किनारे बैठ के लीला
सच में, रावण के दरबार में किसी की कोई सुनवाई नहीं हैं, वैसे ये तस्वीर भी रावण के कचहरी के ठीक सामने की है। यह कोई तालाब नहीं है, बल्कि विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला का लीला स्थल है। इसे जिम्मेदारों की उदासीनता ही कहेंगे की हेरिटेज जोन में शामिल यह लीला स्थल अपनी अनदेखी पर रोना रो रहा है। अब इसे जिम्मेदारों की अनदेखी नहीं कहेंगे तो क्या कहेंगे? आखिर कब होगा दुर्व्यवस्थाओं के रावण का अंत? ऐसे कई सवाल लीलाप्रेमियों की जुबान पर थे।

पं. जालपा प्रसाद मिश्र को अर्पित की स्वरांजलि
पं. जालपा प्रसाद मिश्र की स्मृति में रविवार को 23वें स्वरांजलि समारोह का आयोजन रविवार को हुआ। आर्य महिला पीजी कॉलेज में कार्यक्रम की शुरूआत रवींद्र शर्मा के गायन से हुई। दूसरे प्रस्तुति में पं. प्रेमकिशोर मिश्र ने सितार वादन किया। तबले पर मनोज मिश्र, हारमोनियम पर मोहित साहनी ने संगत की। अंतिम प्रस्तुति रुद्रशंकर मिश्र के कथक की रही। तबले पर देवनारायण मिश्र और उदयशंकर मिश्र ने संगत की। इस दौरान पं. कामेश्वर नाथ, पं. मनोज मिश्र,, पं. पंकज व पं. गौरव मिश्र मौजूद रहे।

आयुष मंत्री ने 70 बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत किट
आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालू ने रविवार को 70 लोगाें को बाढ़ राहत सामग्री बांटी। सामाजिक संस्था होप वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से रोहनिया के दीउरा गांव में बाढ़ पीड़ितों राहत किट दी। इसमें दो बड़ा तिरपाल, बाल्टी, मच्छरदानी, साबुन, ब्रश, सैनेट्री पैड, सर्फ आदि सामान थे। इस अवसर पर रवि मिश्रा, दिव्यांशु उपाध्याय, अनुराधा आदि मौजूद रहे।

दो दिवसीय दौरे पर आज आएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को दोपहर बाद आएंगे। इसके बाद वे सिगरा स्थित भारत सेवाश्रम संघ में महिलाओं को सिलाई वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। संघ के स्वामी ब्रह्मानंद ने बताया कि मुख्यमंत्री को आमंत्रण भेजा गया था। उन्होंने आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उनके आगमन की सूचना पुलिस प्रशासन के पास आ गई है।

उनके अनुसार सर्किट हाउस में विकास, निर्माण एवं कानून व्यवस्था की बैठक लेंगे। इसके अलावा किसी परियोजना का निरीक्षण करने भी जाएंगे। श्री काशी विश्वनाथ और बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे।

मकान में आग लगी, नकदी और कपड़े जले
दशाश्वमेध थाने के मदनपुरा इलाके में रविवार की दोपहर एक मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया। आग लगने की वजह से घर में रखी नकदी और कपड़े जल गए। पीड़ित सोनू साहनी ने बताया कि आग लगने से लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

जिला बदर का आरोपी गिरफ्तार
जिलाबदर आरोपी को चौक पुलिस ने रविवार को मणिकर्णिका घाट से गिरफ्तार किया। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्यामसुंदर पाल निवासी मणिकर्णिकाघाट के रूप में हुई है। कमिश्नरेट की कोर्ट ने उसे 12 अगस्त को तीन माह के लिए जिला बदर घोषित किया है। उधर, कोर्ट से वांछित आरोपी संजय सोनकर को कैंट जीआरपी ने रविवार को इंग्लिशिया लाइन से गिरफ्तार किया। 

शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 42 लाख की ठगी
शेयर मार्केट में निवेश पर जबरदस्त मुनाफे का झांसा देकर साइबर फ्रॉड ने सिगरा निवासी विकास जायसवाल को 42 लाख रुपये की चपत लगा दी। विकास ने घटना के संबंध में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

विकास ने बताया कि उन्हें महक शाह ने व्हाट्स एप मैसेज किया था। महक ने खुद को कथित ब्लैक रक कंपनी की असिस्टेंट बताया। उसने कहा कि उसकी कंपनी के माध्यम से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग और आईपीओ में जबरदस्त मुनाफा होगा। विकास ने कहा कि वह महक के झांसे में आ गए। इसके बाद उसके द्वारा बताए गए कंपनी के अलग-अलग बैंक अकाउंट में 42 लाख रुपये जमा करा डाले। बाद में जब वह अपने मूलधन और मुनाफे की मांग किए तो महक टालमटोल कर इधर-उधर की बातें करने लगी। इसके बाद जाकर उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है।

साढ़े पांच अंक से प्रखर बने शतरंज के सरताज
जिला शतरंज एसोसिएशन की ओर से पहड़िया स्थित अशोका इंस्टीट्यूट में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता हुई। इसमें 28 फीडे रेटिंग सहित कुल 225 खिलाड़ियों ने छह चक्रों की बाजी खेली। ओपन वर्ग में साढ़े पांच अंक लेकर प्रखर त्रिपाठी शतरंज के सरताज बने। इसमें ऐशानी पाठक को दूसरा और संदीप को तीसरा स्थान मिला।

ओपन बालिका वर्ग में समृद्धि तिवारी, अंडर-9 में आंशी त्रिपाठी, अंडर-13 बालक वर्ग में श्रेष्ठ श्रीवास्तव, बालिका वर्ग में आंकना भास्कर, अंडर-15 बालक वर्ग में वरदान श्रीवास्तव, बालिका वर्ग में आशिता कुशवाहा ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिला शतरंज एसोसिएशन के सचिव विजय कुमार ने धन्यवाद किया। इस मौके पर डॉ. सारिका श्रीवास्तव, डॉ. शिरीश श्रीवास्तव, डॉ. बृजेश सिंह, असीम देव मौजूद रहे।
विज्ञापन

धुनुची नृत्य से कलाकारों ने की मां शक्ति की आराधना
शारदीय नवरात्र की चतुर्थी पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में मां शक्ति की आराधना के अनुष्ठान जारी रहे। रविवार को बाबा श्री काशी विश्वनाथ के धाम से शक्तिपीठ मां विशालाक्षी और चतुर्थ नवरात्रि की अधिष्ठात्री मां कूष्मांडा को सोलह शृंगार और वस्त्र भेंटस्वरूप भेजे गए। शाम को मंदिर चौक पर धुनुची नृत्य के जरिये कलाकारों ने मां शक्ति की आराधना की।

रविवार की शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित मंदिर चौक के सांस्कृतिक मंच पर बंगाल की पुरातन परंपरा धुनुची नृत्य की प्रस्तुति हुई। कलाकार अंकिता भट्टाचार्य, राशि शर्मा, सुमन कुमारी, प्रिया कश्यप, निर्जला रस्तोगी, अंकिता पाल, रिया नंदी, रितिका पाल, दिवाकर, रतन दत्ता, रितून देय ने धुनुची की भव्य प्रस्तुति दी।

धुनुची नृत्य मां भवानी की शक्ति एवं ऊर्जा बढ़ाने के लिए किया गया। मान्यता के अनुसार देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध करने से पहले अपनी शक्तियों को और बढ़ाने के लिए धुनुची नृत्य किया था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र, न्यास सदस्य ब्रजभूषण ओझा, स्वामी जीतेंद्रानंद सरस्वती और डॉ. राधेश्याम शर्मा ने दीप जलाकर किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें