Varanasi News: कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के साथ सपा नेता लाल बिहारी यादव भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने छात्रों से पूरे मामले को जाना। इसके बाद भाजपा और बीएचयू के कुलपति की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाया।
यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय 13 निलंबित छात्रों से मिलने बीएचयू पहुंचे। कैंपस स्थित विश्वनाथ मंदिर के प्रांगण में उन्होंने कहा कि जो लोग आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के खिलाफ आवाज उठा रहे, उन्हीं को सजा दी जा रही है। अजय राज के साथ ही सपा के विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव भी थे।
विज्ञापन
इस दौरान निलंबित छात्रों ने उनके सामने अपना पक्ष रखा और कल लंका गेट पर होने वाले न्याय सभा और मार्च के लिए कांग्रेस और सपा का समर्थन मांगा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार अपने आरोपी पदाधिकारियों को बचाने में लगी हुई है और इसी कड़ी में बदले की भावना के साथ पीड़िता के लिए न्याय की आवाज उठाने वाले छात्रों को निलंबित किया गया है।
विज्ञापन
बीएचयू के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि कुलपति का कार्यकाल पूरा होने वाला है, लेकिन अब तक कार्यकारी परिषद का गठन नहीं हुआ। पीड़िता के पक्ष में आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं और कल लंका गेट पर होने वाले न्याय सभा और मार्च में पूरी कांग्रेस पार्टी अपना ताकत झोंकने को प्रतिबद्ध हैं।
लाल बिहारी यादव ने कहा कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने पर छात्रों का निलंबन कुलपति की निरंकुशता को दिखाता है। वर्तमान कुलपति नरेंद्र मोदी के अनुसार चल रहे। अखिलेश यादव के माध्यम से इस विषय को राष्ट्रपति के सामने रखा जाएगा।