श्रीराम ने सीता से अयोध्या जाकर सास ससुर की सेवा करने को कहा, तो सीता की ओर से उत्तर आया, हे प्राण पति चांदनी चंद्रमा को छोड़ कर जा सकती है, पवन देव अपनी गति रोक सकते हैं, अग्नि ज्वलनशीलता भुला सकती है। किंतु सीता अपने स्वामी को वन में छोड़कर नहीं जा सकती है। श्री राम सुमंत से वापस जाने को कहते हैं। सुमंत सब को प्रणाम कर रहा अयोध्या की ओर प्रस्थान कर गए। यह सब देखकर निषादराज दुखी होते हैं।
रामनगर की रामलीला में केवट प्रसंग
- फोटो : अमर उजाला
श्री राम, सीता और लक्ष्मण गंगा तट पर पहुंचकर केवट से पार जाने के लिए नाव मांगते हैं। श्रीराम जी केवट के अटपटे वचन सुनकर सीताजी की ओर देखकर मुस्कुराते हैं। श्रीराम जी के पद नख स्पर्श से गंगा जी प्रसन्न हो जाती हैं। केवट कठौती में गंगा जल लाकर श्री राम का चरण पखार कर चरणामृत स्वयं व पूरे परिवार को देते हैं।
सभी को नाव पर बिठाकर केवट गंगा पार कराते हैं। नाव से उतरकर भगवान रेत में खड़े होते हैं। केवट प्रणाम कर चलने लगता है तभी श्रीराम अपनी मुंदरी केवट को गंगा पार कराई में देते हैं। केवट प्रभु का चरण पकड़ लेता है और कहता है प्रभु आप मेरे केवट हैं और मैं भी केवट हूं, तो भला एक केवट दूसरे केवट से गंगापार उतराई कैसे ले सकता है। सभी चित्रकूट पहुंचकर मंदाकिनी में स्नान करते हैं।
रामनगर की रामलीला का 10वां दिन
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर की लीला के दौरान बरसात के कारण कीचड़ और गंदगी की समस्या बनी हुई है। अब तक दो बार लीला स्थल में बदलाव हो चुका है। रविवार को भारद्वाज आश्रम के पास कीचड़, गंदगी होने के कारण लीला प्रेमियों को असुविधा हुई।
शहर से लेकर गांव तक हुआ राममय
वाराणसी। शहर से लेकर गांव तक रामलीलाओं के शुरू होने से पूरा माहौल राममय हो गया है। जाल्हूपुर की रामलीला में गंगावतरण, भरद्वाज समागम, यमुना वतरण, ग्रामवासी मिलन, बाल्मीकि समागम, चित्रकूट निवास का मंचन हुआ। शिवपुर की रामलीला में श्रीराम वनगमन, निषाद मिलन और विश्राम, औरंगाबाद में ताड़का वध, मारीच उड़न, अहिल्या उद्धार, गंगा दर्शन, काशीपुरा में ताड़का वध एवं अहिल्या तारण, लोहता में क्षीरसागर की झांकी, आकाशवाणी, नारद मोह, रावण जन्म, भोजूबीर में धनुष यज्ञ, रावण संवाद और परशुराम-लक्ष्मण संवाद और खोजवां में शंकर बरात गमन और शंकर पार्वती विवाह की लीला हुई। खोजवां बाजार में शंकर जी की बरात गमन और शंकर पार्वती विवाह की लीला हुई।
पढ़ें: टेस्ट किंग रेस्टोरेंट पर वाणिज्य कर का छापा, लाखों की कर चोरी पकड़ी गई