कोहरे की दस्तक के साथ ही वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में ठंड का असर गहराने लगा है। इसकी वजह पहाड़ों पर हो रही बारिश और बर्फबारी मानी जा रही है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की कमी दर्ज की गई है। आलम यह है कि नम पछुआ हवाओं से जहां दिन में धूप का असर कम हो गया है, जबकि रात में ठंड भी बढ़ गई है। सुबह मार्निंग वॉक पर जाने वाले लोग मौसम में आए बदलाव को सीधा महसूस कर रहे हैं।
सोमावर सुबह आसमान में कोहरे की चादर दिखाई दी। शहरी क्षेत्र के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा रहा। सुबह नौ बजे तक सूरज कोहरे में छिपा रहा। धूप निकली भी तो रोशनी फीकी-फीकी रही। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी ठंड की ओर होगा। तापमान में और कमी आने के साथ ही कोहरा भी सघन होगा।
ठंड की वजह से गर्म कपड़े लोगों ने निकाल लिए हैं, साथ ही सात में कंबल ओढ़कर ही ज्यादातर लोग सो रहे हैं। रात में वाराणसी का तापमान दिन के मुकाबले 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.5 रहा वहीं रविवार को अधिकतम 29.2 और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।