शादी के बाद थाने में परिवार के साथ खड़े नवविवाहित दंपति
- फोटो : अमर उजाला
युवती से सात जन्मों के साथ का वादा कर प्रेम की पींगे बढ़ाने वाला प्रेमी अचानक शादी से मुकर गया। ऐसे में दुखियारी प्रेमिका की मदद को आगे आई यूपी पुलिस। फिर क्या प्रेमी को भी झुकना पड़ा। मामला उत्तर प्रदेश के भदोही जिले का है।
रिश्तेदारी की युवती से नजदीकी बढ़ाकर संबंध बनाकर शादी से मुकर रहा प्रेमी बुधवार को पुलिस के प्रयास से मान गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को थाना परिसर स्थित मंदिर में ही सात फेरे लेकर सात जन्मों के बंधन में बंध गए।
पड़ाव स्थित बरगदा हनुमान मंदिर के पुजारी अज्जू महराज ने दोनों को मंदिर परिसर में सात फेरे कराकर शादी कराई। बताते हैं गोपीगंज थानाक्षेत्र के गुलौरी गांव निवासी हरिश्चंचद की पुत्री तनु निषाद का रिश्तेदारी के युवक सुरेंद्र निषाद निवासी नीबी झूंसी, इलाहाबाद के साथ नजदीकियां बढ़ गईं थीं।
इसके बाद आपस में दोनों शादी के लिए भी रजामंद हो गए। इसकी जानकारी परिवार वालों को भी हो गई। इसके बाद सुरेंद्र पर कहीं से दबाव पड़ने पर वह शादी से मुकरने लगा। इस पर हरिश्चंद ने एसओ मनोज पांडेय से इसकी शिकायत की। पुलिस प्रेमी को पकड़ कर थाने ले आई।
इसके बाद दोनों को एसओ और एसआई गुलफिशां ने समझा बुझाकर शादी के लिए राजी किया। इसके बाद फौरन मंदिर में सात फेरे का रस्म पूरा किया गया। शादी के दौरान दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे। शादी के बाद लोगों को मिठाइयां वितरित की गई। इसके बाद थाने परिसर से ही दूल्हे के साथ दुल्हन की विदाई की गई।