यूपी के गाजीपुर जिले में यात्रियों से भरी एक निजी बस स्कार्पियो और बोलेरो को बचाने में अनियंत्रित हो कर पलट गई। हादसे में बस सवार 14 लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जबकि गंभीर स्थिति में तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा गाजीपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हरिहरपुर गांव के सामने हुआ। बस गाजीपुर से सवारी लेकर मुहम्मदाबाद के रास्ते भरौली जा रही थी। गाजीपुर स्थित बस स्टैंड से सवारी लेकर मुहम्मदाबाद आ रही एक बस हरिहरपुर गॉव के पास एकाएक सामने आई स्कार्पियो को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो सड़क किनारे खाई में पलट गई।
घटना के वक्त सामने से स्कार्पियो और पीछे से बोलेरो ओवरटेक कर रही थी। ऐसे में बस चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और असंतुलित हो पुलिया के पास 20 फुट गहरी खाई में पलट गई। बस के खाई में गिरते ही यात्री चिल्लाने लगे।
हादसे के बाद गॉव के लोग दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे तथा दुर्घटना की जानकारी पुलिस एवं 108 डायल कर एंबुलेंस को दी। बस में फंसे यात्रियों को निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ईलाज के लिए भेजा।
बस मालिक ने थाने में दी तहरीर
- फोटो : अमर उजाला
दुर्घटना में 14 लोगों से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में हेवली (50) , मुखिया देवी (60) हरिहरपुर, भोला राम (62), सुदामी देवी (60) तथा बेटा चंदन राम जकरौली, गीता (39) , रामदुलारी (50) , सुधा (35) निवासी गोंडा देहाती गाजीपुर, विमला राय (35) पत्नी रामाशीष परसा, ललिता देवी (50), रामजन्म (50) निवासी मुहम्मदाबाद, विनोद पांडेय पुत्र बालेश्वर पांडेय निवासी शैवटोला मुहम्मदाबाद, संतोष पासवान (40) पुत्र रामराज नगसर आदि लोग शामिल रहे।
गंभीर रूप से घायल सुदामी देवी, हेवली और ललिता देवी को गाजीपुर जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी रमेश यादव और कोतवाल विवेक कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए तथा घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल भेजा।
बस मालिक मुहम्मदाबाद नगर निवासी अश्वनी कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि बस संख्या यूपी- 61 टी 7246 मिनी बस हरिहरपुर पुलिया के पास अचानक अनियंत्रित बोलेरो के ओवरटेक करने से बस गड्ढ़े में गिर गई है। इसमें कोई जानमाल का खतरा नहीं है।