वाराणसी। डाकघर से प्रधानमंत्री फसल बीमा कराने के साथ ही ई-श्रम कार्ड का पंजीकरण भी कराया जा सकेगा। यहां स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाया जा सकता है।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र के 1699 डाकघरों में यहं सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डाकघरों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन के लिए किसान की खतौनी, आईडी कार्ड (आधार कार्ड, पैन कार्ड , वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस) व बैंक पासबुक साथ लेकर आना होगा। खरीफ व रबी फसलों के लिए क्रमश: दो प्रतिशत और 1.5 प्रतिशत का प्रीमियम अदा करना होगा। पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि इसके अलावा डाकघरों में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर से असंगठित क्षेत्र से जुड़े लोग ई-श्रम कार्ड भी प्राप्त कर सकते हैं, जो कि पूर्णतया नि:शुल्क है। इसके लिए 16 से 59 साल तक की उम्र होनी चाहिये। पंजीकरण के लिए बैंक पासबुक व आधार कार्ड साथ लाना होगा।
छह जिलों में मिलेगी सुविधा
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि डाक विभाग वाराणसी परिक्षेत्र के तहत वाराणसी, चंदौली, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर और बलिया जिले में इसका लाभ मिलेगा। सभी डाकघरों में 29 दिसंबर को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और ई-श्रम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।