प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अक्षय पात्र के मेगा किचन के उद्घाटन पर बच्चों संग खास पल गुजारा। किचन में तैयार मध्याह्न भोजन में रोटी और विशेष दाल का स्वाद भी चखा। साथ ही न किचन में लगाई गई अत्याधुनिक मशीनों के संचालन की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मौजूद रहीं।
विज्ञापन
विधानसभा चुनावों में लगातार दूसरी जीत के बाद पीएम मोदी पहली बार काशी की जनता को विकास परियोजना का तोहफा देने पहुंचे हैं। अक्षय पात्र के मेगा किचन में बच्चों के लिए अत्याधुनिक मशीनों से गरमा गर्म भोजन तैयार किया जाएगा। पीएम के उद्घाटन के बाद सेवापुरी के 124 स्कूलों के 25 हजार बच्चों तक ये खाना खास गाड़ियों से पहुंचाया जाएगा।
विज्ञापन
एक घंटे में 40 हजार रोटियां बनेंगी
तीन एकड़ में तैयार इस किचन की क्षमता एक लाख बच्चों तक खाना पहुंचाने की है। अत्याधुनिक मशीनें एक घंटे में चालीस हजार रोटी तैयार करने के साथ 1600 लीटर दाल पका सकेंगी। दाल के लिए 1600 लीटर के चार संयंत्र लगाए गए है। चावल के लिए भी 6 हाइड्रोलिक कूकर लगाए गए हैं। एक कूकर में 140 किलो चावल तैयार किया जा सकता है। किचन में लगे आर प्लांट में 10 हजार लीटर पानी स्वच्छ करने की सुविधा है। सोलर पैनल व सोलर वाटर हीटर के साथ भोजन पहुंचाने के लिए 15 इंसुलेटेड वैन भी हैं।
प्रधानमंत्री के आगमन के पहले अक्षय पात्र के अध्यक्ष मधु पंडित दास व राष्ट्रीय अध्यक्ष भरतर्षभ दास बुधवार को वाराणसी पहुंच गए हैं। वाराणसी आगमन के बाद दोनों लोगों ने किचन की तैयारियों को देखा।