गुरुवार दोपहर 2.45 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री समागम का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, यूजीसी चेयरमैन प्रो. एम जगदीश कुमार, नई शिक्षा नीति ड्रॉफ्टिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. के कस्तूरीरंगन मौजूद रहे।
बुधवार देर शाम तक यूजीसी के अधिकारियों के साथ ही कई केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपति, आईआईटी के निदेशक काशी पहुंच गए हैं। तीन दिन में अलग-अलग विश्वविद्यालयों के कुलपति और आईआईटी के निदेशक की ओर से दो साल में नई शिक्षा नीति के अनुभवों, तौर-तरीकों और सफलता की गाथाओं को साझा किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देर रात रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अंतिम समय की तैयारियों का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को तीन दिवसीय अखिल भारतीय शिक्षा समागम का उद्घाटन करेंगे।