40 फीसदी तक पहुंचा संक्रमण दर अब पिछले तीन दिनों से तीन फीसदी पर पहुंच गया है। एक अप्रैल से संक्रमण दर बढ़ने का सिलसिला अब थमने लगा है। मगर, अप्रैल के दूसरे और तीसरे सप्ताह में कोरोना संक्रमण की दर 40 फीसदी से ज्यादा पहुंच गई थी। 18 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के प्रशासनिक अधिकारियों से सीधा संवाद कर उन्हें ट्रैक, ट्रेस और ट्रीट का मंत्र दिया था।
उस समय अस्पतालों में बेड से लेकर आक्सीजन तक की दिक्कत हो गई थी। मगर, पीएम के संवाद के बाद पीएमओ सक्रिय हुआ और आक्सीजन आदि की व्यवस्था सुदृढ़ हुई। इसके साथ ही प्रशासन की सजगता की वजह से संक्रमण की रफ्तार भी थमने लगी।
पद्मभूषण पं. राजन मिश्र को समर्पित डीआरडीओ के अस्पताल के बनने से बनारस को मिली राहत पर भी पीएम मोदी चर्चा करेंगे। दरअसल, वाराणसी में सरकारी और निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए 19 सौ बेड की व्यवस्था है। जबकि अकेले डीआरडीओ के अस्पताल में 750 मरीजों के भर्ती होने की व्यवस्था की गई है।
पीएम मोदी कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए काशीवासियों के योगदान पर भी चर्चा कर सकते हैं। कारण, कोरोना के पीक टाइम पर काशी के व्यापारियों ने स्वत: लॉकडाउन की अपील कर बहुत बड़ा योगदान किया। इसके साथ ही संसाधनों को जुटाने में काशीवासियों के सहयोग की चर्चा देश भर में हो रही है।