2017 में शुरू प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) में अब तक पांच साल में वाराणसी जिले में 71,560 महिलाओं को लाभ मिल चुका है। पहली बार गर्भवती होने पर महिलाओं को पोषण सहायता के लिए तीन किस्तों में पांच हजार रुपये दिए जाते हैं। अब तक 28.65 करोड़ रुपये महिलाओं के खाते में डीबीटी माध्यम से भेजे जा चुके हैं।
जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा के साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण मिल सके, ताकि जच्चा-बच्चा स्वस्थ रहे।
नोडल अधिकारी डॉ. एके मौर्य ने बताया कि पहली किस्त 1000 रुपये की होती है जो गर्भावस्था के दौरान पहले 150 दिन के अंदर पंजीकरण कराने के बाद दी जाती है। दूसरी किस्त में 2000 रुपये गर्भावस्था के 180 दिन के अंदर कम से कम एक प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) कराने पर प्रदान की जाती है। तीसरी किस्त में 2000 रुपये प्रसव के 42 दिन के बाद बच्चे के प्रथम चरण के टीकाकरण पूर्ण होने पर मिलती है।